HJU Convocation Controversy: राजस्थान की राजधानी के राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC) में आयोजित हरिदेव जोशी पत्रकारिता विश्वविद्यालय (HJU) का तीसरा दीक्षांत समारोह खुशियों के बजाय विवादों के लिए याद किया जाएगा। समारोह में एक छात्रा ने मंच पर डिग्री लेते समय उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा और विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने जिस तरह से अपना विरोध दर्ज कराया, उसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। छात्रा के एक वाक्य ने पूरे हॉल में सन्नाटा पसरा दिया।

क्या है पूरा विवाद?
दरअसल, विश्वविद्यालय प्रशासन ने दीक्षांत समारोह के लिए सैकड़ों छात्र-छात्राओं को ड्रेस कोड में उनके अभिभावकों के साथ बुलाया था। विवाद तब शुरू हुआ जब मंच से केवल 12 गोल्ड मेडलिस्ट छात्रों को ही राज्यपाल और उपमुख्यमंत्री के हाथों डिग्रियां दी गईं। बाकी बचे 271 विद्यार्थियों को दीर्घा (गैलरी) में बैठने के लिए कह दिया गया। छात्रों का तर्क था कि वे केवल मूकदर्शक बनने और तालियां बजाने नहीं आए हैं।
सारा इस्माइल का वो तीखा तंज
छात्रों के भारी विरोध और नारेबाजी के बाद प्रशासन झुका और बाकी छात्रों को उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा के हाथों डिग्री दिलवाने की व्यवस्था की गई। इसी दौरान बीए की छात्रा सारा इस्माइल जब मंच पर पहुंचीं, तो उन्होंने डिग्री लेते हुए डिप्टी सीएम की आंखों में आंखें डालकर कहा HJU वालों की बेइज्जती करके इज्जत देने के लिए शुक्रिया। इस टिप्पणी के बाद वहां मौजूद अधिकारी और नेता हक्का-बक्का रह गए।
विश्वविद्यालय प्रशासन की सफाई
मामला बढ़ता देख विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नन्द किशोर पाण्डेय ने आधिकारिक बयान जारी किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरा आयोजन राजभवन के निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत था। सभी विद्यार्थियों को राज्यपाल के हाथों डिग्री देना तकनीकी रूप से संभव नहीं होता। छात्रा सारा इस्माइल का व्यवहार पूरी तरह अशोभनीय और निंदनीय है। कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल ने सभी के साथ ग्रुप फोटो खिंचवाकर सम्मान भी दिया था।
सूत्रों के अनुसार, केवल सारा ही नहीं बल्कि कई अन्य छात्र भी प्रशासन के प्रबंधन से नाराज थे। छात्रों ने कैंपस के बाहर जमकर नारेबाजी की और कुछ ने तो राज्यपाल की गाड़ी के सामने आने की भी कोशिश की, जिन्हें पुलिस ने बलपूर्वक हटाया। छात्रों का कहना है कि यह उनकी जिंदगी का बड़ा दिन था और प्रशासन ने इसे एक औपचारिकता बना दिया।
पढ़ें ये खबरें
- IPL 2026 RCB vs SRH : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने जीता टॉस, हैदराबाद करेगी पहले बल्लेबाजी, देखें दोनों टीमों का प्लेइंग 11
- पंजाब में छिपे आतंकी बेनकाब! मालेरकोटला से दो संदिग्ध दबोचे
- अखिल भारतीय कायस्थ महासभा ने किया नितिन नवीन का भव्य अभिनंदन, बोले- समाज के आशीर्वाद से मिली बड़ी जिम्मेदारी
- पश्चिम एशिया में बिगड़े हालात पर हाई-लेवल मीटिंग, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में मंत्री समूह की बैठक
- 32 जिले, 140 विधानसभा सीट… नोएडा में 2027 के लिए शंखनाद करेंगे अखिलेश, बड़ी रैली का आयोजन, इन विधानसभाओं पर है फोकस
