अजयारविंद नामदेव, शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों की मर्यादा और समाज की सोच, दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शादी का झांसा देकर एक आदिवासी युवती के साथ दैहिक शोषण किया गया और जब शादी की बारी आई तो जाति का हवाला देकर रिश्ता ठुकरा दिया गया। इस मामले में अब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका भाई पहले ही 7 मार्च को पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है। फिलहाल मुख्य आरोपी सलाखों के पीछे है और पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। लेकिन यह घटना एक बार फिर समाज में मौजूद जातिगत भेदभाव और महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों पर बड़ा सवाल खड़ा करती है।

14 फरवरी को तय हुई थी शादी

यह पूरा मामला बुढ़ार थाना क्षेत्र का है। पीड़िता की शिकायत के अनुसार, करीब एक साल पहले उसकी पहचान कान्हा चेलानी से हुई थी। आरोपी ने प्रेम संबंध बनाकर उसे शादी का भरोसा दिया और इसी झांसे में कई बार शारीरिक संबंध बनाए। युवती का आरोप है कि 16 अगस्त, 20 अक्टूबर और 4 दिसंबर 2025 को आरोपी ने उसके साथ दुराचार किया। मामले ने उस वक्त तूल पकड़ा जब शादी की तारीख 14 फरवरी 2026 तय हुई और कार्ड भी छप गए, लेकिन ऐन वक्त पर आरोपी और उसके परिवार ने युवती की जाति का हवाला देते हुए शादी से इनकार कर दिया।

ये भी पढ़ें: बेवफाई पड़ी भारी: कानूनी फंदे के खौफ ने प्रेमी को बनाया दूल्हा, पुलिस की मौजूदगी में मंदिर में रचाई शादी

पीड़िता को किया अपमानित

आरोप है कि आरोपी के भाइयों ने पीड़िता को अपमानित करते हुए साफ कहा कि वे दलित होने के कारण यह शादी नहीं होने देंगे। इस पूरे घटनाक्रम से आहत पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद बुढ़ार पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बीएनएस की धारा 69, 3(5) और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी कान्हा चेलानी की गिरफ्तारी के बाद अब मामले की गहन जांच की जा रही है और अन्य आरोपियों की संलिप्तता को लेकर भी सख्त कार्रवाई की तैयारी है।

ये भी पढ़ें: झूठी निकली गैंगरेप की कहानी: बातचीत बंद करने पर युवक ने होटल ले जाकर किया था दुष्कर्म, हकीकत जानकर पुलिस भी रह गई हैरान

वहीं इस पूरे मामले में बुढार थाना प्रभारी विनय सिंह का कहना है कि शादी का झांसा देकर संबंध बनाए गए, अब शादी नहीं की जा रही है। इस मामले में मुख्य आरोपी समेत उनके दो भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज कर एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था, अब मुख्य आरोपी कान्हा को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m