MP Road Accident: मध्य प्रदेश में रविवार का दिन हादसों से भरा रहा। अलग-अलग जिलों से सड़क दुर्घटनाओं की खबरें सामने आईं। उज्जैन के नागदा में एक युवक की मौत हो गई। वहीं ग्वालियर में नशे में धुत कार सवार ने तांडव मचाते हुए कई लोगों को घायल कर दिया। बैतूल में तेज रफ्तार कार फोरलेन से 20 फीट नीचे खेत में जा गिरी जिसमें युवक-युवती घायल हो गए। इसी तरह सागर में गेहूं से भरी ट्राली पलट गई जिससे हादसे में तीन लोग घायल हो गए।
नागदा में 1 की मौत, 2 घायल
पीयूष जायसवाल, नागदा (उज्जैन)। शनिवार रात को बिलग्राम थाना क्षेत्र के अमलावादीया रोड पर बाइक से जा रहे तीन युवक सड़क हादसे का शिकार हो गए। जिसमें 20 वर्षीय महेश की मौके पर मौत हो गई। बाइक सवार अनिल ओर कुलदीप गंभीर घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शी ने हादसे की वजह सड़क पर बने स्पीड ब्रेकर को बताया। सूचना के बाद मौके पर काफी देर तक डायल 112 नहीं पहुंची तो मंडीथाने का 112 वाहन मौके पर पहुंचा। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

नशे में धुत कार सवार की चपेट में आए राहगीर
कमल वर्मा, ग्वालियर। सागर ताल रोड पर एक कार सवार ने जमकर तांडव मचाया। नशे में धुत शख्स ने अपनी तेज रफ्तार गाड़ी से सड़क किनारे लगी गुमटियों को तोड़ दिया। साथ ही कई राहगीरों को घायल कर दिया।
कार की चपेट में आकर एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं तीन अन्य राहगीरों को भी चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद भीड़ ने चालक को पकड़ कर उसकी जमकर धुनाई कर दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
हंगामे के बावजूद पुलिस काफी देर तक मौके पर नहीं पहुंची। पुलिस के पहुंचते ही भीड़ ने कार चालक को उनके हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई में जुट गई है।
बैतूल में फोरलेन से 20 फीट नीचे खेत में गिरी तेज रफ्तार कार
अमित पवार, बैतूल। बैतूल-इटारसी नेशनल हाईवे पर कोसमी के पास रविवार सुबह एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर लगभग 20 फीट नीचे खेत में जा गिरी। बताया जा रहा है कि कार बैतूल से इटारसी की ओर जा रही थी और संतुलन खोने के कारण पलट गई। कार चला रहा युवक इस हादसे में घायल हो गया है। गाड़ी में एक युवती भी थी। घटना के बाद खेत में काम कर रहे किसानों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर फंसे युवक-युवती को रेस्क्यू कर बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि दोनों युवक-युवती बैतूल के ही निवासी हैं।

सागर में गेहूं से भरी ट्राली पलटी, तीन घायल, हाईवे पर बिखरा गेहूं
उमेश यादव, सागर। सागर-नरसिंहपुर नेशनल हाईवे 44 नीम घाटी पर गेहूं की बोरियों से भरी एक ट्रैक्टर ट्राली पलटने से तीन लोग घायल हो गए हैं। जिसमें चालक की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है।
ट्रैक्टर ट्राली पलटने गेहूं की बोरियां हाईवे की सड़क पर बिखर गई। जिससे बड़ा नुकसान हो गया। घटना के बाद हाईवे पर बड़ी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। नेशनल हाईवे 44 टोल प्लाजा की क्रेन आकर ट्रैक्टर ट्राली को हटाया तब कहीं यातायात शुरू हो सका।

जानकारी के अनुसार तेंदूखेड़ा नरसिंहपुर निवासी किसान जयंत पांडे का 40 बोरी गेहूं ट्रैक्टर ट्राली से सागर ले जाया जा रहा था। इसी बीच नीम घाटी पर ड्राइवर ने ट्रैक्टर को उतार के दौरान न्यूट्रल गियर में तेज रफ्तार होने पर ब्रेक लगा दिया, जिससे ट्रैक्टर-ट्राली दोनों सड़क पर पलट गए। ट्रैक्टर से गिरने से चालक तेंदूखेड़ा निवासी मुकेश शुक्ला (40) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर, हाथ, पैर में गंभीर चोटें पहुंची हैं। उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। वहीं ट्रैक्टर पर सवार विवेक पांडे और बंटू गौड़ घायल हो गए हैं जिनका देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

