शब्बीर अहमद, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज उत्तर प्रदेश के पवित्र शहर वाराणसी जाएंगे। सुबह 8:40 बजे वे भोपाल से वाराणसी के लिए रवाना होंगे। सुबह 10:30 बजे वे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचेंगे, जहां वे दर्शन करेंगे और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का भ्रमण करेंगे।
सीएम मोहन यादव काशी विश्वनाथ धाम के विकसित क्राउड फ्लो मैनेजमेंट सिस्टम, तीर्थ यात्री प्रबंधन, आधुनिक व्यवस्थाओं और अधोसंरचना लेआउट का अध्ययन करेंगे। यह भ्रमण मध्यप्रदेश के धार्मिक स्थलों और आगामी सिंहस्थ कुंभ की तैयारियों के लिए उपयोगी साबित होगा। दोपहर 12:30 बजे मुख्यमंत्री मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश सहयोग सम्मेलन में शामिल होंगे। सम्मेलन स्थल पर वे मध्यप्रदेश की एक प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे, जिसमें ODOP मॉडल, जीआई टैग हस्तशिल्प, पारंपरिक वस्त्र, औद्योगिक क्षमताएं और पर्यटन की संभावनाएं प्रदर्शित की जाएंगी।
इसके जरिए दोनों राज्यों के बीच व्यापार, निवेश, पर्यटन और अंतरराज्यीय सहयोग को नई गति देने का प्रयास किया जाएगा।इसके अलावा, मुख्यमंत्री वाराणसी के बी.एल.डब्ल्यू मैदान में 3 से 5 अप्रैल तक आयोजित होने वाले विक्रमोत्सव महानाट्य के कार्यक्रम स्थल का भी मुआयना करेंगे। शाम 6:05 बजे मुख्यमंत्री वाराणसी से भोपाल वापस लौट आएंगे।
युवा विधायक सम्मेलन का आज दूसरा दिन
भोपाल में युवा विधायक सम्मेलन का दूसरा दिन आज शुरू हो रहा है। विधानसभा परिसर में आयोजित इस सम्मेलन के दूसरे दिन दो सत्रों का आयोजन किया जाएगा। यह सम्मेलन लोकतंत्र को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से हो रहा है। सम्मेलन में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर मौजूद रहेंगे। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के युवा विधायक आज भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा करेंगे। साथ ही लोकतंत्र में युवा विधायकों की भूमिका को लेकर भी गहन मंथन होगा। यह सम्मेलन युवा नेतृत्व को नई दिशा देने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
गर्मी की छुट्टियों में रेलवे की भोपाल के यात्रियों को सौगात
गर्मी की छुट्टियों में रेलवे ने भोपाल वासियों को खास सौगात दी है। बढ़ती यात्रा मांग को देखते हुए रेलवे ने पुणे और मुंबई के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया है।भोपाल मंडल के रास्ते गोरखपुर से पुणे और गोरखपुर से मुंबई के बीच ये स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। ये ट्रेनें 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक प्रतिदिन संचालित होंगी। खास बात यह है कि भोपाल रानी कमलापति और बीना स्टेशन के यात्रियों को इन ट्रेनों से सीधा लाभ मिलेगा। अब गर्मी की छुट्टियों में पुणे और मुंबई जाने वाले यात्रियों को आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा मिल सकेगी।
सड़क पर उतरेंगे मध्यप्रदेश के डेढ़ लाख शिक्षक
मध्यप्रदेश के डेढ़ लाख शिक्षक अब सड़क पर उतरने वाले हैं। TET को लेकर राज्य के 12 अलग-अलग शिक्षक संगठन एकजुट हो गए हैं। शिक्षक संगठन TET मामले में कानूनी लड़ाई लड़ने के साथ-साथ चरणबद्ध आंदोलन की तैयारी में हैं। शिक्षक पूरी तरह आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं। आंदोलन तीन स्तरों पर चलेगा। शिक्षक संगठनों ने तीन बड़ी तारीखों का ऐलान किया है
- 8 अप्रैल को जिला स्तर पर सम्मेलन
- 11 अप्रैल को ब्लॉक स्तर पर धरना-प्रदर्शन
- 18 अप्रैल को भोपाल में मुख्यमंत्री अनुरोध यात्रा
शिक्षकों का कहना है कि 2006 से पहले नियुक्त शिक्षकों जिनकी नौकरी में अभी 5 साल से ज्यादा समय बचा है, उनको TET पास करना अनिवार्य किया जा रहा है। संगठनों ने TET क्राइटेरिया में आने वाले सभी शिक्षकों की पूरी लिस्ट भी तलब कर ली है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

