RBSE 12th Result 2026: राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) ने आज 12वीं बोर्ड का बहुप्रतीक्षित परिणाम घोषित कर दिया है। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने उदयपुर जिला कलेक्टर कार्यालय से बटन दबाकर साइंस, आर्ट्स और कॉमर्स तीनों संकायों के नतीजे एक साथ जारी किए।

दरअसल, इस साल के नतीजों में एक बार फिर बेटियों का दबदबा देखने को मिला है, हालांकि पिछले साल के मुकाबले कुल पास प्रतिशत में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। छात्र अपना रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट rajeduboard.rajasthan.gov.in पर जाकर तुरंत चेक कर सकते हैं।

इस साल साइंस (विज्ञान) वर्ग के रिजल्ट में थोड़ी कमी आई है। बता दें कि साल 2025 में जहां परिणाम 98.43% था, वहीं 2026 में यह घटकर 97.52% रह गया है।

  • छात्रों का पास प्रतिशत: 97.02%
  • छात्राओं का पास प्रतिशत: 98.34%
  • फर्स्ट डिवीजन: 1,46,644 छात्र और 98,636 छात्राएं प्रथम श्रेणी से पास हुए।

कॉमर्स में बड़ा उलटफेर, सबसे ज्यादा गिरे आंकड़े

सबसे चौंकाने वाले आंकड़े कॉमर्स (वाणिज्य) संकाय से आए हैं। यहाँ रिजल्ट में भारी गिरावट देखी गई है। पिछले साल के 99.07% के मुकाबले इस बार कुल पास प्रतिशत गिरकर 93.64% पर सिमट गया है। गौरतलब है कि कॉमर्स में छात्रों ने बाजी मारी है (94.04%), जबकि छात्राओं का प्रतिशत 92.82% रहा।

आर्ट्स में बेटियों का परचम, 2 लाख से ज्यादा छात्राएं फर्स्ट डिवीजन

कला वर्ग (आर्ट्स) में भी मामूली गिरावट रही, यहां कुल परिणाम 97.54% रहा। लेकिन यहाँ भी बेटियों ने लड़कों को पीछे छोड़ दिया। आर्ट्स में 2,27,252 छात्राओं ने प्रथम श्रेणी हासिल की, जो लड़कों (1,56,818) के मुकाबले कहीं ज्यादा है। वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षा का परिणाम भी साथ ही जारी किया गया है।

मंत्री मदन दिलावर ने दी बधाई

परिणाम जारी करते समय शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने सभी सफल विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गिरावट मामूली है और छात्रों का प्रदर्शन अभी भी शानदार है। उदयपुर कलेक्टर ऑफिस में मौजूद अधिकारियों ने बताया कि इस बार कॉपियों की जांच में काफी पारदर्शिता बरती गई थी।

पढ़ें ये खबरें