Bihar News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कल सोमवार (30 मार्च) को एमएलसी पद से इस्तीफा दे दिया, जिसके बाद बिहार की सियासत में बड़ा परिवर्तन देखने को मिल सकता है। नीतीश जल्द ही सीएम पद से भी इस्तीफा दे देंगे। एक तरफ जहां एनडीए के नेता सीएम नीतीश के इस्तीफे पर उनके अब तक के कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं। वहीं, विपक्ष के नेता इसे बीजेपी की साजिश करार दे रहे हैं। इस बीच लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला है।
रोहिणी आचार्य का एक्स पोस्ट
रोहिणी आचार्य ने नीतीश सरकार के दौरान बिहार में हुए घोटालों और घटनाओं का जिक्र करते हुए अपनी पोस्ट में लिखा कि, नीतीश कुमार को बिहार की बदहाली करने के लिए ही याद किया जाएगा। रोहिणी ने कहा कि, ‘नीतीश कुमार जी को याद किया जाएगा’ कल से ही ठकुरसुहाती करने वाले कई लोग इस बात की रट लगाए बैठे हैं, मगर ये बताना भूल रहे हैं कि नीतीश कुमार को सृजन घोटाले, जहरीले मिड-डे मील से हुई मासूम बच्चों की मौतों, मुजफ्फरपुर महापाप, सीएजी के द्वारा उजागर 72 हजार करोड़ के घोटाले, सत्ता संरक्षण में फल-फूल रहे अवैध शराब के कारोबार की वजह से पूर्णतः विफल शराबबंदी , जहरीली शराब से हुई हजारों मौतों के लिए भी याद किया जाएगा।
‘अश्लील टिप्पणियों के लिए किए जाएंगे याद’
रोहिणी आचार्य यहीं नहीं रुकी उन्होंने कहा कि, विधानसभा परिसर में मिलीं शराब की बोतलों, अनगिनत हुई बलात्कार की घटनाओं को रोक पाने की विफलता, गद्दी बचाने के लिए आपराधिक पृष्ठ्भूमि वालों के समक्ष बेउर जेल में हाजिरी बजाने जाने , कुर्सी मोह में अपने ही कहे से बार-बार पलटने, विचारधारा-नैतिकता ताख पर रख समझौता करने, महिलाओं के संदर्भ में बार – बार की गई अमर्यादित-अश्लील टिप्पणियों, सार्वजनिक मंचों पर महिलाओं को असहज कर देने वाले आचरण, व्यवहार एवं हरकतों के लिए भी नीतीश कुमार को याद किया जाएगा।
‘भोज का न्योता देकर थाली खींचने के लिए किए जाएंगे याद’
रोहिणी आचार्य ने कहा कि, नीतीश कुमार को बेलगाम भ्रष्टाचारी अधिकारियों को संरक्षण व् प्रश्रय देने, मुख्यमंत्री पद की गरिमा के प्रतिकूल अपने से छोटों व् अपने मातहत अधिकारियों के बार-बार पैर छूने, विधानसभा परिसर में पुलिस की भेष में गुंडों को बुलवा कर विपक्षी दलों के माननीय विधायकों पर हमला करवाने, ‘किसी’ को भोज का न्योता दे कर ऐन वक्त पर थाली खींच लेने, पूर्व महिला मुख्यमंत्री के लिए अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करने, सरकारी खजाने को खाली कर देने, युवाओं व् छात्रों पर दमनात्मक कार्रवाई करवाने, पलायन रोकने और रोजगार सृजन में पूरी तरह से विफल रहने, बिहार को सबसे कुपोषित राज्य एवं प्रति व्यक्ति सबसे कम सालाना आय वाले राज्य का तमगा दिलाने के लिए ही जाना और याद जाएगा।
‘बीजेपी का ‘ऑपरेशन फिनिश नीतीश’ संपन्न’
बतां दें कि कल सोमवार को भी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट शेयर सीएम नीतीश पर निशाना साधा था। रोहिणी ने लिखा था कि, चाचा जी किए गए बिहार से तड़ीपार ..। रोहिणी ने आगे बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि, बिहार में बीजेपी का ‘ऑपरेशन फिनिश नीतीश’ संपन्न हुआ, अंततः चाचा जी के न चाहते हुए भी बीजेपी के द्वारा उनका इस्तीफा ले ही लिया गया।
रोहिणी ने कहा कि, चाचा जी ने जैसा बोया, वैसा पाया। कुर्सी से चिपके रहने की सुविधा के मोह में मुख्यमंत्री की कुर्सी भी गई और चला गया हाथ से बिहार। समझी जा सकती है चाचा जी के अंतर्मन की चित्कार।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

