Bihar Crime: बिहार में महिलाओं के खिलाफ बढ़ती आपराधिक घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा और शर्मनाक मामला राजधानी पटना से सामने आया है, जहां नौकरी दिलाने के नाम पर पुनपुन इलाके में एक महिला के साथ ऑटो में गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया गया है। आरोपियों ने पहले कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर महिला को पिलाया और उसके बाद ऑटो में उसके साथ सभी ने गलत काम किया।

नौकरी देने के बहाने बुलाया

घटना बीते सोमवार (30 मार्च) की रात 11 बजे की बताई जा रही है। मामला अब जाकर प्रकाश में आया है। पीड़िता ने इस संबंध में एफआईआर दर्ज कराया है। पीड़िता के मुताबिक वह बेउर जेल के पास कुक का काम करती हैं। आरोपियों में से एक, रमेश चौधरी ने उसे नौकरी (बाई) दिलाने के बहाने एक ऑटो-रिक्शा भेजकर पुनपुन बुलाया था। जब वह 10 बजे के करीब पुनपुन घाट के पास पहुंची तो, वहां उसने अपने अन्य दो साथियों के साथ मिलकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला ने दो अन्य व्यक्तियों का नाम कुंदन कुमार और सागर कुमार बताया है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को किया गिरफ्तार

पीड़िता की शिकायत दर्ज करने के बाद पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों (रमेश चौधरी, कुंदन कुमार और सागर कुमार) को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, पुलिस ऑटो चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एफएसएल की टीम को जांच के लिए बुलाया। वहीं, पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा।

पुनपुन एसएचओ का बयान

पुनपुन एसएचओ बेबी कुमारी ने घटना के संबंध में कहा कि, एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई है। पीड़िता के बयान के आधार पर, तीनों आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने नौकरी दिलाने के बहाने महिला को बुलाया था, जिसके बाद इस अपराध को अंजाम दिया गया। मामले की जांच चल रही है।

उन्होंने बताया कि, घटना को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने महिला को नशीला पेय दिया था, जब वह बेसुध हो गई तो आरोपियों ने ऑटो में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद वे सभी पीड़िता को वहीं पर छोड़कर फरार हो गए। होश में आने के बाद पीड़िता ने 112 नंबर पर कॉल कर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।

ये भी पढ़ें- पटना में बेखौफ अपराधियों ने अपार्टमेंट की सीढ़ियों पर छड़-गिट्टी व्यवसायी को मारी गोली, अस्पताल में चल रहा है इलाज, हालत गंभीर