किशनगंज। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत आर्थिक अपराध इकाई (EOW) ने बड़ी कार्रवाई की है। किशनगंज के एसडीपीओ (SDPO) गौतम कुमार के ठिकानों पर हुई छापेमारी में आय से 60% अधिक, लगभग 80 करोड़ रुपये की अकूत संपत्ति का पता चला है। 1994 बैच के दरोगा से डीएसपी बने गौतम कुमार पर पद का दुरुपयोग कर अवैध धन उगाहने के गंभीर आरोप हैं।
छह ठिकानों पर छापेमारी, करोड़ों के निवेश का खुलासा
EOW की टीम ने 31 मार्च को पटना, पूर्णिया और किशनगंज स्थित कुल छह ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। जांच के दौरान 25 से अधिक कीमती जमीनों के दस्तावेज, लग्जरी गाड़ियां और भारी निवेश के कागजात मिले हैं। टीम को सिलीगुड़ी में चाय बागान के साथ-साथ नोएडा और गुड़गांव जैसे प्राइम लोकेशन पर भी संपत्ति खरीदने के प्रमाण मिले हैं। उनके सरकारी आवास से नकद राशि भी बरामद की गई है।
चार आरोपियों से 6 अप्रैल को होगी पूछताछ
इस भ्रष्टाचार कांड में केवल डीएसपी ही नहीं, बल्कि उनके करीबी भी जांच के घेरे में हैं। EOW ने गौतम कुमार, उनकी पत्नी रूबी कश्यप, सास पूनम देवी और महिला मित्र शगुफ्ता शमीम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इन सभी को 6 अप्रैल को पटना स्थित मुख्यालय में पूछताछ के लिए तलब किया गया है। शगुफ्ता शमीम के घर से मिले गहनों की रसीदें और बैंक ट्रांसफर के रिकॉर्ड डीएसपी के साथ उनके वित्तीय संबंधों की पुष्टि करते हैं।
माफियाओं से मधुर संबंध और फर्जी सिम का खेल
जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि गौतम कुमार कोयला, शराब, लॉटरी और सुपारी तस्करों के साथ सीधे संपर्क में थे। अवैध वसूली के लिए वे दूसरों के नाम पर जारी फर्जी सिम कार्ड का उपयोग करते थे। हैरानी की बात यह है कि गौतम कुमार पूर्व में खुद विजिलेंस विभाग में तैनात रहे हैं, और आज वही विभाग उनके काले कारनामों की परतें खोल रहा है।
पद से हटाए गए, मुख्यालय में रिपोर्ट करने का आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने गौतम कुमार को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया है। उन्हें मुख्यालय में योगदान देने का निर्देश दिया गया है। उनकी जगह एसडीपीओ-2 मंगलेश कुमार सिंह को किशनगंज का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। फिलहाल, EOW की टीम जब्त दस्तावेजों के आधार पर संपत्ति के अन्य स्रोतों की तलाश कर रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

