कुंदन कुमार/ पटना। बिहार की राजनीति में वार-पलटवार का दौर तेज है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा बिहार को पिछड़ा बताए जाने पर नीतीश सरकार में मंत्री और अंतरराष्ट्रीय शूटर श्रेयसी सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने तेजस्वी यादव के बयानों को न केवल तथ्यहीन बताया, बल्कि विपक्ष की गंभीरता पर भी सवाल खड़े किए।

​तेजस्वी और राहुल पर तीखा हमला

​मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि चाहे राहुल गांधी हों या तेजस्वी यादव, ये दोनों नेता जब भी बिहार से बाहर जाते हैं, प्रदेश की छवि को धूमिल करने और बिहारवासियों को शर्मिंदा करने का ही काम करते हैं। उन्होंने तेजस्वी यादव की कार्यशैली पर निशाना साधते हुए कहा कि जब विधानसभा का सत्र चलता है और जनहित के मुद्दों पर चर्चा की जरूरत होती है, तब नेता प्रतिपक्ष गायब रहते हैं। श्रेयसी ने आरोप लगाया कि तेजस्वी अपनी संवैधानिक भूमिका और जिम्मेदारियों को पूरी तरह भूल चुके हैं।

​महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था

​प्रदेश में हालिया आपराधिक घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए मंत्री ने कहा कि महिला सुरक्षा एक गंभीर विषय है। हालांकि, उन्होंने सरकार का बचाव करते हुए कहा कि उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में गृह मंत्रालय पूरी तत्परता से काम कर रहा है। घटनाओं को रोकने और दोषियों पर कार्रवाई करने के लिए पुलिस प्रशासन सक्रिय है। सरकार तेजी से कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में कदम उठा रही है।

​खेल और खिलाड़ियों का भविष्य

​एक खिलाड़ी होने के नाते श्रेयसी सिंह ने बिहार के खेल जगत में हो रहे सुधारों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) खेल विभाग के साथ समन्वय बनाकर काम कर रहा है। खेल सुविधाओं को नियमित किया जा रहा है और खिलाड़ियों के लिए एक मजबूत नींव रखी जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में बिहार खेल के मानचित्र पर एक नई पहचान के साथ उभरेगा।