Nalanda Woman Molestation: पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने आज लोकसभा में नालंदा के नूरसराय थाना क्षेत्र स्थित अजयपुर (ढिबरा) गांवमें महिला के साथ सरेआम हुए गैंगरेप की कोशिश का मामला उठाया। पप्पू यादव ने सदन में इस घटना को सिर्फ एक अपराध नहीं बताते हुए मानवता और सभ्य समाज के लिए झकझोर देने वाली दरिंदगी करार दिया है।
‘महिला को अर्धनग्न कर सड़कों पर घसीटा’
पप्पू यादव ने सदन में अपने संबोधन के दौरान कहा कि, नालंदा में महिला को अर्धनग्न कर सड़कों पर घसीटा गया, जो मणिपुर की घटना की याद दिलाता है। उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की गई। आरोपियों ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। दिनदहाड़े इस तरह की घटना बिहार की कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करती है।
सांसद ने कहा कि, नालंदा की यह घटना सिर्फ एक जिले या फिर एक थाना क्षेत्र का मामला नहीं है, बल्कि यह महिलाओं की सुरक्षा, गरिमा और न्याय से जुड़ा राष्ट्रीय सवाल है। उन्होंने सवाल उठाते हुए पूछा कि आखिर ऐसे अपराधियों में कानून का डर क्यों नहीं दिख रहा है? महिलाओं के खिलाफ बढ़ती ऐसी घटनाओं पर अब तक कठोर कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
अपराधियों को मिले फांसी की सजा
इस दौरान पप्पू यादव ने बिहार के विभिन्न जिलों में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ सामने आ रही अन्य घटनाओं का भी जिक्र किया और इसे सभ्य समाज के लिए खतरनाक संकेत बताया। इसके साथ ही उन्होंने यह मांग की कि नूरसराय की घटना सहित ऐसे सभी मामलों में स्पीडी ट्रायल की व्यवस्था की जाए, ताकि पीड़िताओं को समय पर न्याय मिल सके और अपराधियों में भय पैदा हो।
इस दौरान पप्पू यादव ने नालंदा घटना, नीट छात्रा मौत केस और यौन अपराधों से जुड़े अन्य गंभीर मामलों में तुरंत सुनवाई कर दोषियों को कड़ी से कड़ी और फांसी तक की सजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि, जब तक ऐसे मामलों में उदाहरण पेश करने वाली सजा नहीं होगी, तब तक समाज में बेटियों और महिलाओं के प्रति सुरक्षा का भरोसा कायम नहीं हो सकेगा।
राशन का सामान लेने गई थी महिला
पूरी घटना बीते 26 मार्च की बताई जा रही है, जब पीड़ित महिला घर का सामान लाने के लिए पास के किराने के दुकान पर गई हुई थी। दुकान से लौटते समय रास्ते में कुछ मनचलों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया और उसके साथ न सिर्फ अश्लील हरकत की बल्कि इसका वीडियो भी बनाया, सामने आए वीडियो में साफ दिख रहा है कि इस बात को लेकर युवकों में जरा सा भी पछतावा नहीं है। वहीं, दूसरी ओर बेबस महिला उनके चुंगल से छुटने का प्रयास करती हुई नजर आ रही है। वह चिल्लाती रही और उनसे लड़ते हुए अपनी इज्जत बचाती रही, लेकिन इस दौरान वहां मौजूद किसी ने भी उसकी मदद नहीं की।
दो नामजद आरोपी गिरफ्तार
पीड़िता ने इस मामले में 27 मार्च को प्राथमिकी दर्ज कराई, जिसे संज्ञान में लेते हुए पुलिस ने घटना में शामिल दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस बीच आरोपियों ने महिला के साथ हुई बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसे लेकर अब सियासी माहौल भी गरमाता हुआ नजर आ रहा है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

