बलौदाबाजार। सोशल मीडिया पर फोटो वायरल करने की धमकी देकर युवती को ब्लैकमेल करने और उसे आत्महत्या के लिए उकसाने वाले आरोपी को बलौदाबाजार पुलिस ने उत्तर प्रदेश के कानपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी युवती से 60 हजार रुपये ऐंठने के बाद भी उसे लगातार प्रताड़ित कर रहा था। मामला पलारी थाना क्षेत्र का है।

मामले की जांच और तकनीकी विश्लेषण से यह खुलासा हुआ कि आरोपी गुलशन कश्यप, मृतिका को फोन के माध्यम से लगातार डराता-धमकाता रहा। वह युवती की तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल करने और उसे बदनाम करने की धमकी देकर पैसों की मांग कर रहा था।

लोक-लाज के डर से मृतिका ने आरोपी को 60 हजार रुपये भेज दिए थे। इसके बावजूद आरोपी का मन नहीं भरा और वह और अधिक पैसों के लिए युवती को प्रताड़ित करने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी गुलशन कश्यप (20 वर्ष, निवासी ग्राम दहेली, थाना रेवन, जिला कानपुर) को हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने माना कि वह मृतिका को बदनाम करने की धमकी देकर पैसे वसूल रहा था और बार-बार फोन करके दबाव बना रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

चूहे मारने की दवा खा कर की थी आत्महत्या

आरोपी की लगातार धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर युवती ने पिछले वर्ष 17 अप्रैल को चूहे मारने वाली दवा का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए रायपुर ले जाया गया, जहां 22 अप्रैल को उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने मर्ग जांच और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने के बाद थाना पलारी में आरोपी के विरुद्ध धारा 108 के तहत मामला दर्ज किया था।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H