सोहराब आलम/मोतिहारी। शहर में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। टाउन थाना क्षेत्र के हॉस्पिटल चौक के पास एक अनियंत्रित स्कूल बस ने बीसीए (BCA) के छात्र को बेरहमी से कुचल दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक छात्र की पहचान अभिषेक कुमार के रूप में हुई है।

​कैसे हुआ हादसा?

​मिली जानकारी के अनुसार शहर में उपराष्ट्रपति के प्रस्तावित आगमन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और जगह-जगह सड़कों पर बैरिकेडिंग की गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि एक स्कूल बस रफ्तार में थी और उसने सुरक्षा के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग को तोड़ते हुए अभिषेक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छात्र ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

​छात्रों का फूटा गुस्सा, सड़क जाम

​अभिषेक की मौत की खबर फैलते ही स्थानीय छात्र और युवा आक्रोशित हो उठे। बड़ी संख्या में छात्रों ने हॉस्पिटल चौक को चारों तरफ से घेर लिया और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों का आरोप है कि यातायात व्यवस्था और बैरिकेडिंग के प्रबंधन में चूक की वजह से यह हादसा हुआ है। उग्र प्रदर्शन के कारण शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई।

​मौके पर पहुंचे एसपी, स्थिति को संभालने की कोशिश

​मामले की गंभीरता को देखते हुए मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी खुद प्रदर्शनकारी छात्रों को समझाने-बुझाने और शांत करने के प्रयास में जुटे हैं। पुलिस प्रशासन ने उचित कार्रवाई और परिजनों को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है, ताकि स्थिति को सामान्य किया जा सके। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।