Bhajanlal Sharma News: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को बीजेपी हाईकमान ने एक बार फिर अपना संकटमोचक बनाकर दक्षिण भारत भेजा है। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सोमवार (6 अप्रैल) को सीएम भजनलाल ने कोयंबटूर में धुआंधार चुनाव प्रचार किया। प्रवासी राजस्थानियों के बीच उनकी पकड़ को देखते हुए उन्हें यहां खास मिशन पर भेजा गया है, जिसे उन्होंने पहले हरियाणा, दिल्ली और गुजरात में बखूबी निभाया था।

कोयंबटूर की सड़कों पर राजस्थान का दम

बता दें कि मुख्यमंत्री ने कोयंबटूर उत्तर विधानसभा क्षेत्र से एनडीए प्रत्याशी वानती श्रीनिवासन के समर्थन में विशाल रोड शो किया। हाथ जोड़कर और राजस्थानी अंदाज में अभिवादन करते हुए सीएम ने प्रवासियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रवासी राजस्थानी देश की अर्थव्यवस्था और राष्ट्र निर्माण के मजबूत स्तंभ हैं।

भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण पर सीधा प्रहार

कोयंबटूर में आयोजित कार्यक्रम में भजनलाल शर्मा के तेवर काफी तीखे नजर आए। उन्होंने तमिलनाडु की वर्तमान सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि यहां भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण का बोलबाला है, ठीक वैसा ही जैसा कभी राजस्थान की कांग्रेस सरकार में हुआ करता था। ऐसी सरकारों को लोकतांत्रिक तरीके से जड़ से उखाड़ना अब जरूरी हो गया है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और किसान, युवा, महिला व मजदूर सरकार की असली ताकत हैं।

सियासी हलचल के बीच मुख्यमंत्री ने पेरूर पट्टेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान शिव के दर्शन किए और देश-प्रदेश की खुशहाली की कामना की। उन्होंने राजस्थान सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि कैसे वहां पानी, बिजली और युवाओं को रोजगार देने के लिए ऐतिहासिक काम हो रहे हैं। गौरतलब है कि बीजेपी के 47वें स्थापना दिवस के मौके पर सीएम ने कार्यकर्ताओं को रिचार्ज करते हुए इसे विचारधारा की लड़ाई बताया।

पढ़ें ये खबरें