MP Morning News: शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज शुक्रवार को बैठक लेंगे। सुबह 11 से दोपहर 12 बजे तक कृषि लोक रंग की बैठक लेंगे। दोपहर 03 से शाम 04 बजे तक बेगा महोत्सव आयोजन संबंधी मीटिंग में शामिल होंगे। शाम 05 से 06 बजे तक तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग की समीक्षा बैठक करेंगे। यह तीनों बैठक सीएम हाउस में होगी।
नारी शक्ति वंदन का होगा आगाज
प्रदेश में 10 से 25 अप्रैल तक नारी शक्ति वंदन का उत्सव मनाया जाएगा। आम नागरिक ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम से रूबरू होंगे। अंबेडकर जयंती 14 अप्रैल को विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। सीएम डॉक्टर मोहन यादव की मंशा के अनुरूप महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए आगामी प्रदेशव्यापी “नारी शक्ति वंदन” पखवाड़ा मनाने का निर्णय सरकार ने लिया है। इस पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” के प्रावधानों से आम जनता को अवगत कराना और महिला नेतृत्व का उत्सव मनाना है। राज्य शासन ने जन-उत्सव के रूप में आयोजित करने के निर्देश जारी किए हैं।
पहले दिन 1616 क्विंटल गेहूं खरीदी
एमपी में समर्थन मूल्य पर कल पहले दिन 1616 क्विंटल गेहूं खरीदी हुई। गेहूं उपार्जन का भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में आज दूसरा दिन है। पहले दिन 45 उपार्जन केन्द्रों पर 1616 क्विंटल गेहूं का उपार्जन हुआ। शेष संभागों में 15 अप्रैल से गेहूं उपार्जन शुरू होगा। उपार्जन के लिये इस वर्ष रिकॉर्ड 19 लाख 4 हजार किसानों ने पंजीयन कराया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 3 लाख 60 हजार अधिक है। बीते साल समर्थन मूल्य पर लगभग 77 लाख मीट्रिक टन गेहूं का उपार्जन किया गया था। इस बार 78 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य है। गेहूं उपार्जन के लिये अभी तक 97 हजार 474 किसानों की ओर से 4 लाख 46 हजार 582 मीट्रिक टन के विक्रय के लिये स्लॉट बुक किए गए है। किसानों से 2585 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य और राज्य सरकार की ओर से घोषित 40 रुपये प्रति क्विंटल बोनस राशि समेत 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं उपार्जन किया जा रहा है।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस की बैठक
महिला आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस CWC की बैठक होगी। जिसमें मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल समेत कई सदस्य शामिल होंगे। यह बैठक 3 बजे नए कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में होगी।
मध्य प्रदेश में गेहूं खरीदी को लेकर कांग्रेस का हल्लाबोल
मध्य प्रदेश में 9 अप्रैल गुरुवार से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की शुरुआत हो चुकी है। एमपी कांग्रेस ने खरीदी केंद्रों पर गड़बड़ियों को लेकर प्रदेशभर में प्रदर्शन किया। इस दौरान खरीदी केंद्रों में व्यवस्थाएं न होने और सराकर की नीतियों का विरोध किया गया। राजधानी भोपाल में कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा है। ग्वालियर में कलेक्ट्रेट का घेराव करने पहुंचे कांग्रेस पदाधिकारी कार्यकर्ता और विधायक ने अपनी मांगों को लेकर सरकार का विरोध जताया है। खंडवा में कुत्ते को ज्ञापन सौंपा गया तो वहीं शहडोल जिला कलेक्ट्रेट में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारे लगाए।
भोपाल में मातृ मृत्यु के मामलों पर बड़ी पहल
भोपाल में मातृ मृत्यु के मामलों पर बड़ी पहल की गई है। अब असली वजह की पहचान क्लिनिकल ऑटोप्सी से होगी। एम्स भोपाल के डॉक्टरों ने यह दावा किया है। दरअसल, प्रदेश में मातृ और शिशु मृत्यु दर चिंताजनक है। हर 1 लाख प्रसव पर 159 माताओं की मौत, नवजातों की स्थिति भी गंभीर है। बिना पुलिस दखल के क्लिनिकल जांच होगी। परिवार की सहमति से सच्चाई सामने आएगी। मातृ मृत्यु रोकने के लिए सरकार को अहम डेटा मिलेगा। रणनीति बनाने में मदद मिलेगी।
उज्जैन बोरवेल में गिरे ‘भागीरथ’ का रेस्क्यू जारी
उज्जैन के बड़नगर के पास झालरिया गांव में गुरुवार रात 3 वर्षीय भागीरथ देवासी खुले बोरवेल में गिर गया। जिसके बाद से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। भोपाल से एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है। भागीरथ लगभग 70 फीट गहराई में फंसा हुआ है। उस तक पहुंचने के लिए समानांतर गड्ढा खोदा जा रहा है। अब तक करीब 40 फीट खुदाई हो चुकी है। बोरवेल में कैमरा डालकर बच्चे की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

