Bihar News: सीएम नीतीश कुमार ने आज शुक्रवार (10 अप्रैल) को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली। राज्यसभा सभापति एवं देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने संसद भवन में उन्हें पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही नीतीश कुमार चारो सदनों के सदस्य बनने वाले नेता बन गए। मुख्यमंत्री नीतीश द्वारा राज्यसभा की शपथ लेने पर पीएम मोदी ने उन्हें बधाई एंव शुभकामनाएं दी है, जिसपर पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने तंज कसा है।

‘CM पद छोड़ MP बनने पर बधाई तो नहीं बनती’

सांसद पप्पू यादव ने पीएम मोदी का पोस्ट शेयर करते हुए एक्स पर लिखा- “मुख्यमंत्री नीतीश जी को राज्यसभा सदस्य पद की शपथ लेने पर PM साहब ने बधाई दी है मुझे लगता है शायद मोदी जी नीतीश जी को प्रधानमंत्री पद ऑफर करेंगे, ऐसा होता है तो बिहार उन्हें सदा याद रखेगा। पप्पू यादव ने कहा कि, ऐसा लगने का कारण है CM पद छोड़ MP बनने पर बधाई तो बनती नहीं है। PM पद के लिए बधाई उपयुक्त होगी।”

PM मोदी ने कुछ इस अंदाज में दी थी बधाई

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स मुख्यमंत्री को बधाई देते हुए लिखा, नीतीश कुमार जी देश के सबसे अनुभवी नेताओं में से एक हैं। सुशासन को लेकर उनकी प्रतिबद्धता की हर तरफ सराहना हुई है। उन्होंने बिहार के विकास में अमिट योगदान दिया है। उन्हें एक बार फिर संसद में देखना बहुत सुखद होगा। सांसद और केंद्रीय मंत्री के रूप में भी उन्होंने कई वर्षों तक अपनी सेवाएं दी हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि उनके लंबे राजनीतिक अनुभव से संसद की गरिमा और बढ़ेगी। राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेने पर उन्हें हार्दिक बधाई और आगे के कार्यकाल के लिए ढेरों शुभकामनाएं।

दिल्ली से पटना लौटे सीएम नीतीश

दिल्ली में राज्यसभा पद की शपथ लेने के बाद सीएम नीतीश पटना पहुंच चुके हैं। उनके साथ जदयू नेता संजय झा और बिहार सरकार में मंत्री विजय चौधरी भी पटना पहुंचे। हालांकि सीएम नीतीश मीडिया के सामने नहीं आए और सीएम आवास के लिए रवाना हो गए। वहीं, विजय चौधरी ने नीतीश कुमार के सदस्यता ग्रहण के बाद बिहार में नई सरकार बनने के सवाल पर कहा कि, सदस्यता ग्रहण करने से नई सरकार नहीं बनती, सरकार इस्तीफा देने से बनती है, शपथ लेने से नहीं। इंतजार कीजिए अभी समय है। इतना कहने के बाद वह गाड़ी में बैठकर रवाना हो गए।

ये भी पढ़ें- पिता की विरासत संभालने को निशांत तैयार! दिल्ली में शपथ ले रहे थे CM नीतीश, इधर पटना में…