विकास कुमार, सहरसा। एसटीएफ और सदर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 25 हजार के इनामी और तिवारी गैंग के सक्रिय सदस्य मनीष पांडे को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अपराधी बेगूसराय जिले के फुलवरिया थाना क्षेत्र के सोगराहा गांव का निवासी है और जिले के टॉप-10 वांछित अपराधियों की सूची में शामिल था।

पहले से दर्ज हैं कई मामले

गिरफ्तार मनीष पांडे के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, लूट और छिनतई के कई मामले दर्ज थे। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई एसपी हिमांशु के निर्देश पर फरार और इनामी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई है। मनीष पांडे की गिरफ्तारी से सहरसा और बेगूसराय पुलिस ने राहत की सांस ली है।

लंबे समय से चल रहा था फरार

डीएसपी अजित कुमार ने बताया कि मनीष पांडेय लंबे समय से फरार चल रहा था। उसके ऊपर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था, जो टॉप टेन अपराधियों में शामिल है। उन्होंने बताया कि, मनीष पांडे का आपराधिक इतिहास रहा है, उसके खिलाफ लूट और छिनतई के कई मामले पहले से दर्ज हैं। इसके अलावा उसका नाम एनडीपीएस एक्ट की घटनाओं में भी शामिल है। मनीष पांडेय तिवारी गैंग का सक्रिय सदस्य है। जो मुख्य रूप से छिनतई, लूट और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के लिए कुख्यात था। पुलिस मनीष पांडे की गिरफ्तारी को एक बड़ी सफलता मान रही है।

ये भी पढ़ें- मोतिहारी शराब कांड: जहरीली स्प्रिट का सप्लाई करने वाला UP का मास्टरमाइंड गिरफ्तार