जिले के पिंडाराजोरा थाना क्षेत्र से करीब 9 महीने पहले लापता हुई 18 वर्षीय पुष्पा कुमारी हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा हुआ है. चाकुलिया पंचायत के मधुटांड़ जंगल से पुलिस ने युवती का कंकाल बरामद किया है. यह बरामदगी मुख्य आरोपी दिनेश कुमार महतो की निशानदेही पर की गई. थाना प्रभारी समेत 28 पुलिसकर्मी को सस्पेंड कर दिया गया है.
पीड़िता की मां ने पुलिस की धीमी कार्रवाई से नाराज होकर हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया. अदालत की सख्ती के बाद ही जांच तेज हुई और SIT का गठन किया गया.
बोकारो से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां महीनों से लापता युवती का मामला अब सनसनीखेज हत्याकांड में बदल गया है. मां की गुहार और हाई कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद पुलिस हरकत में आई और जांच में बड़ा खुलासा हुआ है. करीब 9 महीने पहले लापता हुई 18 वर्षीय पुष्पा महतो की हत्या कर दी गई थी. पुलिस ने इस मामले में 26 वर्षीय आरोपी दिनेश कुमार महतो को गिरफ्तार कर लिया है. उसकी निशानदेही पर जंगल से कंकाल, कपड़े, बाल और हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद किया गया.
बोकारो के पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मृतका पुष्पा कुमारी और आरोपी दिनेश महतो के बीच पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध चल रहा था. पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि पुष्पा लगातार शादी का दबाव बनाए जाने से वह मानसिक रूप से परेशान था और इसी कारण उसने हत्या की साजिश रची.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना के दिन पुष्पा कुमारी चास कॉलेज में स्नातक में नामांकन के लिए पहुंची थी. पूर्व नियोजित योजना के तहत दिनेश महतो भी वहां पहुंचा और बातचीत के बहाने उसे कॉलेज के पीछे करीब डेढ़ किलोमीटर दूर सुनसान जंगल में ले गया. जहां उसने चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में छिपाकर फरार हो गया. लौटते समय उसने खून से सना चाकू रास्ते में फेंक दिया.
डीएसपी आलोक रंजन के नेतृत्व में SIT टीम ने तकनीकी और मानव साक्ष्यों के आधार पर मामले को सुलझाया. आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया और पुलिस को घटनास्थल तक ले गया.
जांच के दौरान आरोपी की निशानदेही पर SIT टीम ने घटनास्थल से मृतका के कपड़े, बालों के अवशेष, हड्डियों के टुकड़े और हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया. इस मामले में लापरवाही और संदिग्ध भूमिका सामने आने पर पुलिस अधीक्षक ने पिंडाराजोरा थाना प्रभारी अभिषेक रंजन समेत कुल 28 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि मामले की विभागीय जांच जारी है.

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है. इस केस ने न सिर्फ एक जघन्य अपराध का खुलासा किया है, बल्कि पुलिस कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

