पटना। शहर के ऐतिहासिक बापू सभागार में आयोजित ‘पान महासम्मेलन’ ने उस समय राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी, जब बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव मुख्य अतिथि के रूप में मंच पर पहुंचे। यहां न केवल शक्ति प्रदर्शन हुआ, बल्कि आगामी चुनावों के लिए सामाजिक समीकरणों को साधने की पुरजोर कोशिश भी दिखी। सम्मेलन में महिला कार्यकर्ताओं ने तेजस्वी की आरती उतारकर पारंपरिक स्वागत किया, जबकि मंच पर उन्हें और वीरांगना झलकारी बाई के वंशज मंगल सिंह को चांदी का मुकुट और गदा भेंट की गई।
आरक्षण और सामाजिक न्याय की हुंकार
महासम्मेलन को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने सामाजिक न्याय और आरक्षण के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि जब तक समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को आरक्षण का लाभ नहीं मिलता, उसे मुख्यधारा में लाना असंभव है। लालू प्रसाद यादव के दौर को याद करते हुए उन्होंने कहा, 90 के दशक से पहले दलितों और पिछड़ों को घोड़ी पर तक बैठने की इजाजत नहीं थी, लेकिन लालू जी ने सत्ता की रोटी पलटकर गरीबों को स्वाभिमान दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पिछड़ों और अति-पिछड़ों के हक की लड़ाई में वे हमेशा ढाल बनकर खड़े रहेंगे।
नीतीश कुमार और भाजपा पर तीखा हमला
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर कटाक्ष करते हुए तेजस्वी ने कहा कि उनके चाचा ने झुकना पसंद किया, जबकि उनके पिता लालू यादव ने हमेशा लड़ना चुना। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा नीतीश जी को चैन से रहने नहीं देगी और जल्द ही वे दिल्ली की राह पकड़ेंगे। तेजस्वी ने वर्तमान सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव के समय पैसे बांटने वाले और मुफ्त बिजली का वादा करने वाले अब बिजली की दरें बढ़ा रहे हैं।
लोकतंत्र बनाम ‘मशीन तंत्र’
2024 के चुनावी नतीजों पर सवाल उठाते हुए तेजस्वी ने इसे जनता का नहीं, बल्कि ‘मशीन और धन’ का खेल बताया। उन्होंने दावा किया कि महागठबंधन को 1 करोड़ 90 लाख वोट मिले और बैलेट पेपर की गिनती के अनुसार वे 145 सीटों पर जीते थे, लेकिन ईवीएम (EVM) के कारण वे 200 सीटों पर हार गए। उन्होंने इसे ‘मशीन तंत्र’ की जीत करार दिया।
इंडियन इंक्लूसिव पार्टी का बढ़ता कद
सम्मेलन के आयोजक और सहरसा के विधायक आईपी गुप्ता ने अपनी पार्टी ‘इंडियन इंक्लूसिव पार्टी’ (IIP) की मजबूती का प्रदर्शन किया। हालांकि राहुल गांधी व्यस्तता के कारण शामिल नहीं हो सके, लेकिन मदन मोहन झा ने उनकी अनुपस्थिति पर खेद प्रकट किया। आईपी गुप्ता ने कहा कि महज एक साल पुरानी उनकी पार्टी बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव लाने को तैयार है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

