हरिद्वार. कबीर कुटीर घाट पर रविवार को हरियाणा और राजस्थान से घूमने आए पर्यटकों का समूह अचानक गंगा नदी के बीच एक टापू पर फंस गया. देखते ही देखते पानी बढ़ा तो इनकी जान पर बन आई. 22 लोगों का ये समूह यहां पर स्नान करने के लिए आया था. इसी दौरान अचानक गंगा का जलस्तर बढ़ गया. गंगा नदी में ऊपर से पानी छोड़े जाने की बात सामने आई है.

नदी का बहाव अचानक से तेज हो गया. गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद टापू चारों ओर से पानी से घिर गया. वहां मौजूद लोग टापू पर फंस गए. तेज बहाव को देखकर उनकी सांस अटकने लगी. पर्यटकों को टापू पर फंसा देखकर किनारे मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी. जिसके बाद NDRF और उत्तराखंड पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. आखिरकार टीम ने सभी की जान बचा ली.

इसे भी पढे़ं : पूजा कम, ‘व्यापार’ ज्यादा! चारधाम यात्रा से पहले बढ़े पूजा के दाम, 11 लाख का बना पैकेज, मंदिर समिति ने जारी की नए दरों की सूची

ये घटना सप्तऋषि क्षेत्र में हुई. जानकारी के मुताबिक ऋषिकेश बैराज और चीला बैराज से पानी छोड़ा गया था, जिसके कारण कुछ ही मिनटों में ये टापू चारों ओर से पानी से घिर गया. वहां मौजूद पुरुष, महिलाएं और बच्चे फंस गए. सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंच कर सभी को नदी से बाहर निकाला.

टीम ने पानी में उतरकर रस्सियां फेंकी और फिर एक एककर सभी को बोट पर बैठाया. रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान कुल 22 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. ये सभी लोग दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के रहने वाले बताए जा रहे हैं. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई.