Bihar Politics: बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी हलचल तेज है। इस बीच सीएम नीतीश ने कल मंगलवार 14 अप्रैल को कैबिनेट की बैठक बुलाई है। मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग की अधिसूचना के अनुसार, बैठक सुबह 11 बजे होगी। सूत्रों के अनुसार, यह मंत्रिमंडल की आखिरी बैठक होगी, जिसके तत्काल बाद नीतीश कुमार राज्यपाल सैयद अता हसनैन को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं। नीतीश के इस्तीफा देने से पहले केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने मुख्यमंत्री को लेकर एक भावुक पोस्ट किया है।

भावुक हुए जीतन राम मांझी

जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया पर सीएम नीतीश का एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा- नीतीश जी, अगले चौबीस घंटे में आप बिहार के मुख्यमंत्री पद को छोड़ देंगें। सबको पता है कि आपका यह ख़्वाब था कि आप देश के चारों सदनों के सदस्य रहें पर आपके इस ख़्वाब ने करोड़ों दिलों को रूला दिया है।

जीतन राम मांझी ने कहा कि, नीतीश जी बिहार ने कई मुख्यमंत्रियों को आते-जाते देखा है पर शायद ये पहला मौका है, जब आपको मुख्यमंत्री पद की छोड़ने की बातों सुनकर ही करोड़ों लोगों के आंखों में आंसू भर आएं हैं। उन्होंने कहा कि, भले ही मुख्यमंत्री पद को छोड़ने का फैसला आपका अपना फैसला है, जिसपर कोई सवाल नहीं खड़ा कर सकता पर बिहार आज गमजदा है। मांझी ने कहा कि, हर बिहारी कह रहा है… वी विल मिस यू नीतीश जी… “आप महामानव हैं, बिहार आपके बिना अधूरा है”

20 साल तक बिहार की सत्ता में शिखर पर रहें नीतीश

बता दें कि सीएम पद से इस्तीफा देने के साथ ही बिहार की राजनीति से नीतीश युग का भी अंत हो जाएगा। नीतीश कुमार दो दशक (20 साल) तक बिहार की सत्ता में शिखर पर रहें। इस दौरान बहुत कुछ बदला…लेकिन सीएम की कुर्सी पर नीतीश कुमार ही विराजमान रहें।

नीतीश कुमार के सियासी करियर में यह पहला मौका होगा, जब उनके जीवन में इतना लंबा उतार-चढ़ाव होने जा रहा है। नीतीश कुमार ने 1977 में पहली बार बिहार विधानसभा चुनाव लड़ा था, हालांकि उस वक्त उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद 1985 में उन्होंने हरनौत विधानसभा सीट से जीत हासिल कर सक्रिय राजनीति में मजबूत वापसी की। इसके बाद 1989 में वे पहली बार लोकसभा पहुंचे और केंद्र की राजनीति में भी अपनी पहचान बनाई। जॉर्ज फर्नांडिस के साथ समता पार्टी की स्थापना कर उन्होंने बिहार की राजनीति में नई दिशा देने की कोशिश की, हालांकि शुरुआती दौर में पार्टी को सीमित सफलता मिली।

ये भी पढ़ें- इस्तीफे से पहले ग्राउंड पर उतरे CM नीतीश, पटना-बेतिया एक्सप्रेस-वे का किया निरीक्षण