RCB vs LSG IPL 2026: आईपीएल सीजन 19 के 23वें मुकाबले में आज डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की टीम आमने-सामने है। RCB के कप्तान रजत पाटीदार ने LSG के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। रजत पाटीदार ने बताया कि जैकब डफी की जगह जोश हेजलवुड यह मैच खेल रहे हैं। जबकि, LSG ने अपने पिछले मैच की प्लेइंग 11 में कोई भी बदलाव नहीं किया है।

आईपीएल के मौजूदा सीजन में दोनों टीमें 4 मुकाबले खेल चुकी हैं। इस दौरान RCB ने 4 में से 3 मुकाबलों में जीत दर्ज की है और पॉइंट्स टेबल में 6 अंकों के साथ तीसरे नंबर पर है, जबकि LSG ने अब तक 4 मैच खेले हैं, जिसमें उन्हें दो में जीत मिली है और 4 अंकों के साथ उनकी टीम सातवें नंबर पर है। ऐसे में RCB आज का मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंचने की पूरी कोशिश करेगी। वहीं, LSG की नजर सीजन में तीसरी जीत पर होगी।

बता दें कि यह मुकाबला RCB के होम ग्राउंड यानी एम चिन्नास्वामी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आज शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। मैच से पहले आइए दोनों टीमों के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड, पिच रिपोर्ट, संभावित प्लेइंग 11 और लाइव स्ट्रीमिंग की डिटेल्स पर एक नजर डालते हैं।

एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पिच रिपोर्ट

बेंगलुरु का एम चिन्नास्वामी स्टेडियम बल्लेबाजों के लिए बेहद अनुकूल माना जाता है और इसे अक्सर गेंदबाजों का “कब्रिस्तान” भी कहा जाता है। यहां छोटी बाउंड्री और फ्लैट पिच के कारण रन बनाना काफी आसान होता है, जिसके चलते 200 से अधिक का स्कोर भी सुरक्षित नहीं माना जाता।

इस सीजन यहां खेले गए दोनों मुकाबलों में हाई स्कोरिंग गेम देखने को मिले हैं। चारों पारियों में 200 से ज्यादा रन बने। पहले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने 201 रन बनाए, जिसे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने महज 15.4 ओवर में हासिल कर लिया। वहीं दूसरे मुकाबले में RCB ने 250 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स 207 रन तक ही पहुंच सकी।

इस मैदान पर टॉस का असर ज्यादा अहम नहीं रहता, क्योंकि यहां किसी भी लक्ष्य का पीछा किया जा सकता है। हालांकि, शाम के समय ओस गिरने की संभावना रहती है, जिससे दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम को अतिरिक्त फायदा मिल सकता है।

चेज करने वाली टीम का पलड़ा भारी

एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में अब तक आईपीएल के 102 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 44 मैच जीते हैं, जबकि 54 मुकाबलों में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को सफलता मिली है। इसके अलावा 4 मैच बारिश के कारण रद्द हो चुके हैं। आंकड़ों से साफ है कि यहां रन चेज करना अपेक्षाकृत आसान रहा है।

RCB बनाम LSG हेड टू हेड में किसका पलड़ा है भारी?

आईपीएल इतिहास में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच हुए मुकाबलों में RCB का पलड़ा भारी नजर आता है। दोनों टीमों के बीच अब तक खेले गए 6 मैचों में RCB ने 4 में जीत दर्ज की है, जबकि LSG को 2 मुकाबलों में सफलता मिली है। हालांकि, दिलचस्प बात यह है कि लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपनी दोनों जीत एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में ही हासिल की हैं। वहीं पिछले सीजन में दोनों टीमों के बीच हुए मुकाबले में RCB ने जीत दर्ज की थी।

RCB और LSG की प्लेइंग 11

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB)

फिलिप साल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेज़लवुड, सुयश शर्मा, रसिख सलाम डार

इम्पैक्ट प्लेयर: विराट कोहली, वेंकटेश अय्यर, जॉर्डन कॉक्स, कनिष्क चौहान, मंगेश यादव

लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG)

एडेन मार्कराम, मिशेल मार्श, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), निकोलस पूरन, आयुष बदोनी, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, मोहम्मद शमी, अवेश खान, दिग्वेश सिंह राठी, प्रिंस यादव

इम्पैक्ट प्लेयर: मणिमारन सिद्धार्थ, जॉर्ज लिंडे, मैथ्यू ब्रीट्ज़के, हिम्मत सिंह, मयंक यादव

कहां देखें लाइव मैच?

आईपीएल 2026 के प्रसारण अधिकार स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास हैं। दर्शक इस मुकाबले का लाइव प्रसारण शाम 7:30 बजे से टीवी पर देख सकते हैं। वहीं, मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, लल्लूराम डॉट कॉम पर भी आप मैच से जुड़ी हर अपडेट और लाइव स्कोर देख सकते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H