कुमार इंदर, जबलपुर। शहर के पनागर थाना अंतर्गत ​बडेरा कला में पुलिस ने छापा मार कार्रवाई कर राइफल और गोला-बारूद बरामद किया है। पुलिस को बीती रात सूचना मिली थी कि ग्राम बडेरा कला के पास एक महिंद्रा मेजर कार में दो संदिग्ध व्यक्ति हथियारों के साथ मौजूद हैं।

चला हुआ खोखा बरामद

सूचना के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी, जहां वाहन में दो व्यक्ति सवार मिले, तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से एक 30 बोर की राइफल, एक 22 बोर की राइफल, 22 के दो जिंदा कारतूस, 30 बोर का एक जिंदा कारतूस और एक चला हुआ खोखा बरामद किया है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों राइफलों और गोला-बारूद को अपने कब्जे में ले लिया है।

महिंद्रा कंपनी की मेजर कार जब्त

पकड़े गए आरोपियों की पहचान अरुण चिनगप्पा और गार्डन पेप्टिस के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से महिंद्रा कंपनी की मेजर कार (नंबर KA 12 N 4252) को भी जब्त कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारी के अनुसार, पुलिस इस मामले में आगे की कड़ियों को जोड़ रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि, इन हथियारों का इस्तेमाल किसी अन्य अवैध गतिविधि या शिकार के लिए तो नहीं किया जाना था।

विपिन बिहारी, टीआई, थाना पनागर

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m