Rajasthan News: राजस्थान के करौली जिले से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने एक तगड़ी घेराबंदी करते हुए नादौती की SDM काजल मीणा को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। सिर्फ मैडम ही नहीं, उनके रीडर दिनेश और बाबू प्रवीण को भी एसीबी ने अपनी कस्टडी में ले लिया है।

बता दें कि यह पूरा मामला जमीन के बंटवारे (तकसीमा) से जुड़ा हुआ है। ग्राउंड सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, एक पक्षकार का फैसला प्रभावित करने के लिए अधिकारी और उनके मातहत लगातार पैसों की डिमांड कर रहे थे। परेशान होकर परिवादी ने इसकी शिकायत एसीबी मुख्यालय में कर दी। दरअसल, डीजी गोविंद गुप्ता के निर्देश पर जब जाल बिछाया गया, तो 60,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए पूरी टीम ट्रैप हो गई।

गौरतलब है कि गिरफ्तारी के दौरान जब टीम ने तलाशी ली, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। सूत्रों ने बताया कि रीडर दिनेश के बैग से करीब 4 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं। एसीबी को अंदेशा है कि यह रकम भी अवैध वसूली का ही हिस्सा है।

स्थानीय लोगों में इस कार्रवाई के बाद भारी चर्चा है। ग्रामीणों का कहना है कि नादौती क्षेत्र में लंबे समय से सरकारी जमीन पर अवैध खनन का खेल चल रहा है। चर्चा तो यह भी है कि इस खेल में कई रसूखदार अधिकारियों की मिलीभगत है। फिलहाल, एसीबी की टीम आरोपियों के अन्य ठिकानों पर छापेमारी की तैयारी कर रही है और जल्द ही इस मामले में कई और बड़े नामों का खुलासा हो सकता है।

पढ़ें ये खबरें