महाराष्ट्र के समृद्धि महामार्ग पर एक सड़क हादसे में भोंदू बाबा उर्फ अशोक खरात के करीबी माने जाने वाले जितेंद्र शेलके और उसकी पत्नी की मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल है. यह हादसा उस वक्त हुआ, जब शेलके अपने परिवार के साथ संभाजीनगर से शिर्डी की ओर जा रहे थे. धोत्रे गांव के पास उनकी कार एक खड़े कंटेनर से पीछे से टकरा गई, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर कंटेनर के नीचे जा घुसी. हादसे के सभी एंगल की जांच जारी है.

हादसे में जितेंद्र शेलके ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसकी पत्नी अनुराधा (50) की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. हादसे में उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

महाराष्ट्र के समृद्धि महामार्ग पर हुए एक सड़क हादसे में भोंदू बाबा उर्फ अशोक खरात के करीबी जितेंद्र शेलके और उसकी पत्नी अनुराधा की मौत हो गई. हादसा शुक्रवार को उस समय हुआ, जब शेलके अपने परिवार के साथ संभाजीनगर से शिर्डी जा रहा था. धोत्रे गांव के पास उसकी कार आगे खड़े एक कंटेनर से पीछे से टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर कंटेनर के नीचे जा घुसी.

कार में फंसी अनुराधा को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी. लंबे समय तक चले ऑपरेशन के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका.

जितेंद्र शेलके, अशोक खरात उर्फ भोंदू बाबा के करीबी के रूप में जाना जाता था. वह शिवनिका ट्रस्ट में उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत था. इसके अलावा, उसके कुछ व्यवसायिक संबंध भी खरात से जुड़े बताए जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि कुछ कारोबार में दोनों के बीच साझेदारी की बात भी सामने आई है. सूत्रों के अनुसार, शेलके को खरात से जुड़े कई अहम बातों की जानकारी थी.

सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में अशोक खरात की गिरफ्तारी के बाद से शेलके तनाव में था. ऐसे में इस हादसे को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं. हालांकि, जांच एजेंसियों ने अब तक किसी साजिश की पुष्टि नहीं की है और मामले को फिलहाल सामान्य सड़क दुर्घटना के तौर पर देखा जा रहा है.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. इसके साथ ही कंटेनर चालक और आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.

पुलिस ने चालक जमाल वारिस जोकि अमेठी का निवासी है, उससे पूछताछ शुरू कर दी है. सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान चालक जमाल वारिस ने बताया कि कंटेनर के रेडिएटर का पाइप लीक के कारण कंटेनर धीमी गति से चल रहा था. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही कार ने कंटेनर को टक्कर मार दी.

पुलिस अब चालक के बयान के आधार पर हादसे के कारणों की जांच कर रही है. इस मामले में कंटेनर के ड्राइवर को पूछताछ के लिए कोपरगांव तालुका पुलिस थाने में पेश किया गया है.

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला लापरवाही से हुए सड़क हादसे का लग रहा है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है. अधिकारियों के मुताबिक, पूरी जांच के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा. फिलहाल घायल बेटे का इलाज जारी है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m