US-Iran War: अमेरिका-ईरान के बीच शुरू होने वाली दूसरे दौर की शांति वार्ता शुरू होने से पहले फेल होती दिख रही है। अमेरिका-ईरान युद्ध फिर से भड़क सकता है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) पार करने की कोशिश कर रहे चीन से आ रहे ईरानी जहाज को यूएस आर्मी ने कब्जे में ले लिया (US Army seizes Iranian ship) है। मेरिकी नौसेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरान के कार्गो जहाज को जब्त कर लिया है। ईरान ने इसका जवाब देने की चेतावनी दी है। इसके बाद दोनों देशों में जंग फिर से भड़कने का अंदेशा उत्पन्न हो गया है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मुताबिक टॉस्का नामक यह जहाज होर्मुज स्ट्रेट को पार करने की कोशिश कर रहा था। इसे अमेरिकी डेस्ट्रॉयर USS स्प्रूअन्स ने रोका। ट्रंप के मुताबिक, जहाज ने चेतावनियों को नजरअंदाज किया, जिसके बाद अमेरिकी मरीन ने उसे रोक लिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “इस वक्त जहाज हमारे कब्जे में है। हम पूरी तरह इसे कंट्रोल में लेकर देख रहे हैं कि इसके अंदर क्या है।

ईरान के हजरत खातम अल-अनबिया सैन्य मुख्यालय ने भी ओमान सागर में एक ईरानी जहाज पर अमेरिकी हमले की पुष्टि की है। बयान में कहा गया है, अमेरिका ने युद्धविराम का उल्लंघन करते हुए और समुद्री डकैती की है। उन्होंने कहा कि ओमान सागर के जलक्षेत्र में ईरान के एक जहाज पर गोलीबारी की और पोत के डेक पर अपने कई आतंकवादी सैनिकों को तैनात करके उसके नेविगेशन सिस्टम को निष्क्रिय कर दिया। बयान में जहाज को जब्त किए जाने की पुष्टि भी की गई है।

वहीं, ईरान ने कार्गो जहाज को कब्जे में लिए जाने के बाद अमेरिकी सेना पर ड्रोन बोट से पलटवार करने का दावा किया है। इसके साथ ही इस्लामाबाद में होने वाली दूसरे दौर की वार्ता को लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई है। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए (IRNA) ने रविवार को स्पष्ट किया कि इस्लामाबाद में अमेरिका के साथ दूसरे दौर की वार्ता की जो खबरें घूम रही हैं, वो पूरी तरह झूठी और गलत हैं। ईरान ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में रचनात्मक वार्ता की कोई स्पष्ट संभावना नहीं दिख रही है।

विशालकाय ‘तौस्का’ अब US मरीन के कब्जे में
अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि ‘तौस्का’ की लंबाई लगभग 900 फीट है और इसका वजन किसी ‘विमान वाहक पोत’ (Aircraft Carrier) के बराबर है। ट्रंप ने अपने ‘ट्रुथ सोशल’ पोस्ट में लिखा, “तौस्का अपनी पिछली अवैध गतिविधियों के कारण पहले से ही अमेरिकी ट्रेजरी के प्रतिबंधों के दायरे में है। अब यह पूरी तरह हमारे कब्जे में है और हम जांच कर रहे हैं कि इसमें क्या लदा है!” मरीनट्रैफिक डॉट कॉम के अनुसार, तौस्का एक कंटेनर जहाज है जो ईरानी झंडे के साथ चल रहा था। कुछ घंटों पहले तक इसकी लोकेशन अरब की खाड़ी में देखी गई थी।

US नेवी की नाकेबंदी पर पाकिस्तान में ईरानी राजदूत की प्रतिक्रिया

ओमान की खाड़ी में अमेरिकी नाकेबंदी को पार करने की कोशिश कर रहा ईरानी झंडे वाले कार्गो जहाज को कब्जे में लिए जाने की घटना पर पाकिस्तान में ईरान के राजदूत ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने साफ कर दिया है कि जब तक नौसैनिक नाकाबंदी रहेगी, तब तक मतभेद बने रहेंगे। उन्होंने एक्स पर पोस्ट साझा कर लिखा, ‘आप अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन करते नहीं रह सकते, नाकाबंदी को और सख्त नहीं कर सकते, ईरान को और युद्ध अपराधों की धमकी नहीं दे सकते। अनुचित मांगों पर अड़े नहीं रह सकते, बयानबाजी से काम नहीं चला सकते और ‘कूटनीति’ का दिखावा नहीं कर सकते। जब तक नौसैनिक नाकाबंदी रहेगी, तब तक मतभेद बने रहेंगे।

होर्मुज में तनाव के बाद कच्चे तेल की कीमत में उछाल

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में अमेरिका-ईरान के बीच लगातार बढ़ते तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों में एक बार फिर से उछाल आ गया है। रविवार को शुरुआती कारोबार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी देखी गई। शिकागो मर्केंटाइल एक्सचेंज में कारोबार फिर से शुरू होने के बाद अमेरिकी कच्चे तेल की कीमत 6.4% बढ़कर 87.88 डॉलर प्रति बैरल हो गईं है। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत 6.5% बढ़कर 96.25 डॉलर प्रति बैरल हो गई है। रविवार की शुरुआती बढ़त ने शुक्रवार को हुई गिरावट के एक हिस्से की भरपाई कर दी, जब ईरान के विदेश मंत्री द्वारा वाणिज्यिक टैंकरों के लिए होर्मुज को फिर से खोलने की घोषणा के बाद कच्चे तेल की कीमतों में 9% से अधिक की गिरावट आई थी।

यह भी पढ़ेंः- ‘एक मूर्ख की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता…,’ किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर करारा वार, बोले- अब हर बिल पास कराएगी सरकार

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m