कुंदन कुमार, पटना। सीएम सम्राट चौधरी ने आज मंगलवार (21 अप्रैल) को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात की है। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला दिल्ली दौरा है। इसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पोस्ट के जरिए दी।

सीएम सम्राट ने पीएम मोदी के साथ मुलाकात की कुछ तस्वीरों को शेयर करते हुए सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आज नई दिल्ली में शिष्टाचार मुलाकात की। राज्य के समग्र विकास एवं जनकल्याण के विषय पर मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। माननीय प्रधानमंत्री जी का स्नेह एवं सहयोग बिहार की प्रगति को नई गति प्रदान कर रहा है।

तैयार हो सकती है कैबिनेट मंत्रियों की फाइनल लिस्ट

सीएम सम्राट चौधरी भले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात को शिष्टाचार मुलाकात बता रहे हों, लेकिन इस मुलाकात को बिहार की नई सरकार में होने वाले कैबिनेट विस्तार के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। दिल्ली दौरे पर सीएम सम्राट गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन से भी मुलाकात कर सकते हैं। इस दौरान बिहार सरकार में मंत्रियों के नाम और विभाग के बंटवारे को लेकर फाइनल लिस्ट तैयार हो सकती है।

5 मई बाद हो सकता है मंत्रिमंडल का विस्तार

सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार, 5 मई 2026 के बाद बिहार में मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है। दरअसल 4 मई को पश्चिम बंगाल समेत 5 राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनावों का परिणाम आना है। माना जा रहा है कि इसके तुरंत बाद ही प्रदेश में मंत्रिमंडल का विस्तार हो जाएगा। इस बार मंत्रिमंडल में भी बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है। सीएम सम्राट के कैबिनेट में कुछ नए चेहरों को जगह मिल सकती है। वहीं, कुछ मंत्रियों की विदाई भी हो सकती है।

जोड़-तोड़ में लगी पार्टियां

मंत्रिमंडल में जगह पाने को लेकर जदयू और बीजेपी समेत एनडीए दल में शामिल सभी पार्टियां अपने-अपने हिसाब से जोड़-तोड़ में लगी हुई हैं। कौन सा चेहरा कहां फिट बैठेगा, किस इलाके और किस समाज को कितना प्रतिनिधित्व मिले? इस पर मंथन चल रहा है।

सूत्रों की माने तो सीएम सम्राट चौधरी की कैबिनेट में संतोष सुमन और दीपक प्रकाश जैसे नेताओं को फिर से जगह मिल सकती है। ऐसे में अब देखने वाली बात यह होगी कि बिहार की इस नई कैबिनेट में किसे मौका मिलता है और किसकी छुट्टी होती है? जो बिहार की राजनीति में आगे की दशा और दिशा तय करेगा।

ये भी पढ़ें- नीतीश कुमार ने इस दिग्गज नेता को चुना जदयू विधायक दल का नेता, पूर्व CM के फैसले ने सभी को चौंकाया