Bikaner 70 Crore Heroin Case: राजस्थान के सरहदी इलाके बीकानेर से एक ऐसी खबर आई है जिसे सुनकर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां भी दंग रह गई हैं। दरअसल, मंगलवार को पूगल के पास एक सड़क हादसे ने नशे के बड़े काले कारोबार का पर्दाफाश कर दिया है। एक नीलगाय से टकराने के बाद स्कूटी सवार क्या गिरा, मानों 70 करोड़ रुपये का राज ही सड़क पर बिखर गया।

पुलिस के उड़े होश

मिली जानकारी के अनुसार, पूगल इलाके में एक स्कूटी सवार युवक तेज रफ्तार में जा रहा था कि तभी अचानक सामने से नीलगाय आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक वहीं सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भेजने के बाद उसकी स्कूटी की तलाशी ली, तो वहां जो मिला उसे देखकर जवानों के पैरों तले जमीन खिसक गई।

जांच में क्या-क्या मिला?

ग्राउंड सूत्रों ने बताया कि स्कूटी की डिग्गी और अन्य हिस्सों में करीब 14 किलो हेरोइन छिपाकर रखी गई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत 70 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस की शुरुआती जांच में जो बातें सामने आई हैं, वे काफी चौंकाने वाली हैं। एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि अंदेशा है कि यह नशे की खेप खाजूवाला बॉर्डर पर पाकिस्तानी ड्रोन के जरिए गिराई गई थी।

घायल युवक की पहचान पाली जिले के सोजत निवासी खेताराम के रूप में हुई है। वह फिलहाल अस्पताल में बेहोश है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। गौर करने वाली बात यह है कि युवक जिस स्कूटी से तस्करी कर रहा था, वह उसके नाम पर रजिस्टर्ड नहीं है।

बड़ा नेटवर्क होने का शक

गौरतलब है कि इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन की तस्करी कोई अकेला शख्स नहीं कर सकता। सूत्रों ने बताया कि पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि हादसे के वक्त खेताराम के साथ उसके कुछ और साथी भी आसपास रहे होंगे, जो एक्सीडेंट होते ही मौके से फरार हो गए। पुलिस अब उस पूरे रूट की मैपिंग कर रही है जहाँ से यह स्कूटी गुजरी थी।

पढ़ें ये खबरें