Jaipur News: राजधानी जयपुर में वीआईपी कल्चर का नशा उतारने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने मंगलवार शाम एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। हाथोज इलाके में चेकिंग के दौरान एक ऐसी कार पकड़ी गई जिस पर न केवल प्रतिबंधित ब्लैक फिल्म चढ़ी थी, बल्कि उस पर अवैध रूप से विधायक की नेमप्लेट भी लगी हुई थी।

ये विधायक जी की गाड़ी है… बोलकर पुलिस को डराया
दरअसल, मंगलवार शाम को ट्रैफिक हेड कॉन्स्टेबल धारासिंह अपनी टीम के साथ रूटीन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रुकवाया गया। सूत्रों ने बताया कि कार रुकते ही ड्राइवर श्याम (निवासी झोटवाड़ा) ने रौब झाड़ना शुरू कर दिया। उसने पुलिसकर्मियों से कहा कि यह विधायक की गाड़ी है और इसे तुरंत जाने दिया जाए।
हेड कॉन्स्टेबल के आगे फेल हुआ फर्जीवाड़ा
गौर करने वाली बात यह है कि हेड कॉन्स्टेबल धारासिंह ने ड्राइवर का यह पैंतरा तुरंत पकड़ लिया। उन्होंने स्पष्ट कह दिया कि वह असली विधायक और उनकी गाड़ी को बखूबी पहचानते हैं। मिली जानकारी के अनुसार, जब विधायक के नाम वाला कार्ड काम नहीं आया, तो ड्राइवर ने मामला रफा-दफा करने के लिए पुलिस को ₹20,000 की रिश्वत देने की पेशकश कर दी।
जांच में खुला झूठ का पुलिंदा
ग्राउंड सूत्रों के अनुसार, जब पुलिस ने कार के दस्तावेजों की बारीकी से जांच की, तो पूरा मामला फर्जी निकला। कार (RNN10) सलुंबर निवासी तुषार के नाम पर रजिस्टर्ड निकली। गाड़ी का विधायक या उनके कार्यालय से दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं था। इसी बीच मौके पर पहुंचे एक अन्य व्यक्ति ने पुलिस को धमकाते हुए कहा, गाड़ी जब्त कर कौन से कलेक्टर बन जाओगे।
एक्शन में आईं सीआई कविता शर्मा
मामले की गंभीरता को देखते हुए हेड कॉन्स्टेबल ने अपनी उच्चाधिकारी ट्रैफिक सीआई कविता शर्मा को रिपोर्ट दी। सीआई के निर्देश पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और फर्जी नेमप्लेट लगी गाड़ी को जब्त कर लिया। कालवाड़ा थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने पुष्टि की है कि गाड़ी को थाने में खड़ा करवाया गया है और अब इस मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पढ़ें ये खबरें
- महिला आरक्षण पर बवाल जारी: अब सपा ने बीजेपी की रणनीति पर उठाए सवाल, केन-बेतवा परियोजना पर भी साधा निशाना
- मिर्जापुर में भीषण हादसा, सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत, जिंदा जल गए 6 लोग
- LSG vs RR IPL 2026 : राजस्थान की 40 रन से शानदार जीत, लखनऊ को 160 रन का लक्ष्य पड़ा भारी, जडेजा ने 43 रन के साथ झटके एक विकेट
- खेल-खेल में गई जान: नदी में नहाने गए तीन सगे भाई-बहन बने हादसे का शिकार, डूबने से तीनो की मौत
- EXCLUSIVE: लल्लूराम डॉट कॉम के संवाददाता के साथ सरेंडर करने निकली नक्सली उर्मिला, कम उम्र में ही थाम ली थी बंदूक, देखिए क्या कहा…
