IPL 2026 Updated Points Table Playoff Scenario: भारत में इन दिनों अगर किसी चीज का धूम सबसे ज्यादा है तो वो आईपीएल 2026 है. 28 मार्च से शुरू हुए 19वें सीजन ने आधा सफर लगभग तय कर लिया है. 33 मैचों के बाद प्लेऑफ की रेस रोमांचक हो चुकी है. अंक तालिका में सबसे नीचे 9वें और 10वें पायदान पर मौजूद कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के फैंस भले ही निराश हों, लेकिन सच यह है कि इन दोनों टीमों की किस्मत अभी भी उनके अपने हाथों में है.

प्वाइंट टेबल के बॉटम में मौजूद लखनऊ और केकेआर जैसी फिसड्डी टीमों के लिए डगर कठिन है और गलतियों की गुंजाइश ‘शून्य’ है, लेकिन अजिंक्य रहाणे और ऋषभ पंत की टीमें अभी भी खिताबी दौड़ में वापसी कर सकती हैं. आइए जानते हैं ये दोनों टीमें कैसे सुपर-4 में एंट्री कर सकती हैं. दिलचस्प बात यह है कि ये दोनों टीमें 26 अप्रैल को इकाना स्टेडियम में एक-दूसरे के खिलाफ मैदान पर उतरेंगी. यह मैच दोनों के लिए ‘करो या मरो’ जैसा होगा, क्योंकि जो भी टीम हारेगी, उसके लिए प्लेऑफ के दरवाजे लगभग बंद हो जाएंगे.

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR)

सबसे पहले बात करते हैं 3 बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स की, जिसके लिए यह सीजन अब तक किसी डरावने सपने जैसा रहा है. टीम प्वाइंट टेबल में 7 मैचों में 3 अंक और -0.879 के नेट रन रेट के साथ सबसे नीचे यानी 10वें नंबर पर है.

प्लेऑफ का रास्ता: कोलकाता को अभी 7 मैच और खेलने हैं. अगर टीम अपने बचे हुए सभी 7 मैच जीत लेती है, तो उसके खाते में 17 अंक हो जाएंगे. 16 अंक प्लेऑफ के लिए सुरक्षित माने जाते हैं. ऐसे में केकेआर को बिना कोई मैच हारे, बेहतर नेट रन रेट के साथ सभी मुकाबले जीतने होंगे. एक से ज्यादा हार उसका प्लेऑफ में जाने का सपना तोड़ सकती है.

लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG)

अब बात करते हैं लखनऊ की टीम की, जो इस सीजन में केकेआर के बाद दूसरी सबसे ज्यादा मैच हारने वाली टीम है. लेकिन अच्छी बात यह है कि लखनऊ के पास अभी भी अपने दम पर आगे बढ़ने का मौका है. प्वाइंट टेबल में लखनऊ 7 मैचों में 5 हार और 2 जीत के साथ 9वें नंबर पर है. उसके पास 4 अंक हैं.

प्लेऑफ का रास्ता: ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ को भी अभी 7 मुकाबले और खेलने हैं. अगर टीम बाकी बचे सभी 7 मैच जीत लेती है, तो उसके पास 18 अंक हो जाएंगे. लेकिन यह टीम एक से ज्यादा हार अब बर्दाश्त नहीं कर सकती. अगर टीम 7 में से 2 मैच हार गई, तो वह 14 अंकों पर अटक जाएगी और फिर उसे दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H