लखीमपुर खीरी। जिले में रफ्तार का कहर देखने को मिला। जहां एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। घटना से इलाके में कोहराम मच गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

9 लोगों की हालत गंभीर

यह पूरा मामला जिले के पढ़ुआ थाना क्षेत्र का है। जहां औघड़ बाबा और बोझिया पंप के बीच मुंडन कार्यक्रम में जा रही ट्रैक्टर ट्रॉली अचानक अनियंत्रित हो गई। ड्राइवर कुछ समझ पाते कि उससे पहले गाड़ी सड़क किनारे खाई में पलट गई। इस हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए, जिनमें 9 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

READ MORE: यूपी बोर्ड का रिजल्ट जारी, CM योगी ने छात्रों को दी बधाई, उज्जवल भविष्य की कामना

सीएम योगी ने जताया शोक

इधऱ, सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर संज्ञान लिया। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने और राहत कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि जनपद लखीमपुर खीरी में सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।

जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनके समुचित उपचार हेतु निर्देश दिए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।