पटना। बिहार की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू हो गया है। सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने विधानसभा में ध्वनिमत से बहुमत (फ्लोर टेस्ट) हासिल कर लिया है। स्पीकर प्रेम कुमार ने विश्वास मत जीतने पर नई सरकार को आधिकारिक बधाई दी। हालांकि, बहुमत साबित करने से पहले सदन में तीखी नोकझोंक देखने को मिली। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तेजस्वी यादव के आरोपों का कड़ा जवाब देते हुए साफ किया कि राजनीति में सेवा का अधिकार जनता तय करती है, कोई परिवार नहीं।
सत्ता किसी की बपौती नहीं, जनता का आशीर्वाद है
तेजस्वी यादव पर सीधा हमला करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सत्ता किसी की विरासत या बपौती नहीं होती। उन्होंने भावुक और आक्रामक लहजे में कहा, “मैं यहां इसलिए बैठा हूं क्योंकि 14 करोड़ बिहारियों का आशीर्वाद मेरे साथ है। मुख्यमंत्री का पद किसी की निजी संपत्ति नहीं है।” उन्होंने तेजस्वी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें किसी गलतफहमी में नहीं रहना चाहिए।
लालू परिवार पर तीखे वार
सम्राट चौधरी ने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए लालू प्रसाद यादव पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “आज मैं मुख्यमंत्री की कुर्सी पर हूं, तो इसका श्रेय लालू जी के अत्याचारों को जाता है। उन्होंने मुझे और मेरे परिवार के 22 सदस्यों को जबरन जेल में डाला। अगर उन्होंने मुझ पर जुल्म न किया होता, तो शायद मैं आज इस मुकाम पर न होता।” उन्होंने यह भी याद दिलाया कि पूर्व में लालू यादव ने मिलर स्कूल के मैदान में अपनी गलतियों के लिए माफी भी मांगी थी।
नीतीश कुमार की भूमिका और सुशासन का दावा
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि नीतीश कुमार की हमेशा से इच्छा थी कि सम्राट चौधरी बिहार का नेतृत्व करें। उन्होंने इतिहास दोहराते हुए कहा कि खुद लालू प्रसाद यादव को मुख्यमंत्री बनाने में नीतीश कुमार की अहम भूमिका थी। चौधरी ने कहा, “बिहार में पिछले 20 वर्षों से एनडीए का शासन है, जिसने महिलाओं, किसानों और युवाओं की चिंता की है। हम ‘ट्रिपल-सी’ (करप्शन, क्राइम और कम्युनलिज्म) पर जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ काम कर रहे हैं और विकास के मामले में कोई समझौता नहीं होगा।”
तेजस्वी का पलटवार: BJP ने नीतीश को खत्म किया
इससे पहले, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एनडीए पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा ने धीरे-धीरे नीतीश कुमार के राजनीतिक वजूद को समाप्त कर दिया है। उन्होंने सवाल उठाया कि 5 साल के कार्यकाल में 5 बार सरकारें बदलना राज्य की स्थिरता के लिए ठीक नहीं है। तेजस्वी ने दावा किया कि भाजपा का असली मकसद नीतीश कुमार की राजनीति को 2025 तक पूरी तरह खत्म करना है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

