अभिषेक सेमर, तखतपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लिदरी में बीते लगभग 20 घंटों से बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह प्रभावित हो गई है। भीषण गर्मी के बीच इलाज के लिए पहुंचे ग्रामीणों, नवजात शिशुओं और प्रसूता माताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में न तो पंखे चल रहे हैं और न ही पानी की समुचित व्यवस्था है, जिससे मरीजों के साथ उनके परिजन भी बेहाल हैं।
करोड़ों रुपए की लागत से हाल ही में निर्मित इस नए भवन का उद्घाटन कुछ महीने पहले ही बड़े दावों और सुविधाओं के वादों के साथ किया गया था, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोलती नजर आ रही है। यहां मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं है, जिससे शासन-प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सबसे गंभीर स्थिति कोल्ड चेन पॉइंट की बनी हुई है, जहां वैक्सीन सुरक्षित रखने के लिए निर्धारित तापमान बनाए रखना बेहद आवश्यक होता है। बिजली बंद रहने से तापमान प्रभावित होने की आशंका है, जिससे लाखों की वैक्सीन खराब हो सकती है। इससे टीकाकरण व्यवस्था पर भी खतरा मंडरा रहा है।


हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी समस्या के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी इस ओर कोई सुध नहीं ले रहे है। लगातार बिजली बंद रहने के बाद भी अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इस भीषण गर्मी में बिना पंखे और कूलर के नवजात बच्चों का रो-रो कर बुराहाल हो गया है।
इस मामले में बिजली विभाग के नगर जेई रचित दुवा ने बताया कि ग्रामीण जेई छुट्टी पर है और मुझे इस विषय में जानकारी नहीं है। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के खंड चिकित्सा अधिकारी उमेश साहू ने बताया कि सुबह स्टाफ के लोगों का मैसेज आया था कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बिजली बंद है। इसके बाद बिजली विभाग को सूचना दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ऐसे में बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर इस लापरवाही का जिम्मेदार कौन है? क्या स्वास्थ्य जैसी संवेदनशील व्यवस्था में भी इसी तरह की अनदेखी होती रहेगी या फिर जिम्मेदारों पर कार्रवाई कर व्यवस्था को सुधारने की पहल की जाएगी?
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

