Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (28 अप्रैल 2026) की खबरों में मनीष सिसोदिया का भी जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा की अदालत के बहिष्कार का ऐलान, दिल्ली में जल्द बनेंगे QR कोड वाले स्मार्ट राशन कार्ड, राघव चड्ढा समेत 7 AAP सांसदों के बीजेपी में विलय को मंजूरी, ‘सत्याग्रह’ को लेकर केजरीवाल–सिसोदिया का राजघाट दौरा प्रमुख रहा।

मनीष सिसोदिया का भी जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा की अदालत के बहिष्कार का ऐलान
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) में चल रहे कानूनी और राजनीतिक घटनाक्रम के बीच अब मनीष सिसोदिया (Manish Sisodiya) ने भी बड़ा कदम उठाया है। पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) के बाद सिसोदिया ने भी जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा की अदालत के बहिष्कार का ऐलान कर दिया है। सिसोदिया ने जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा को पत्र लिखकर स्पष्ट किया कि वे न तो खुद और न ही उनके वकील अब अदालत में पेश होंगे। उन्होंने इस कदम को “सत्याग्रह” करार दिया है। एक दिन पहले अरविंद केजरीवाल ने जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा की अदालत के बहिष्कार का ऐलान किया था, वहीं अब मनीष सिसोदिया ने भी उसी राह पर चलते हुए अदालत में पेश न होने का फैसला लिया है।

दिल्ली में जल्द बनेंगे QR कोड वाले स्मार्ट राशन कार्ड
राजधानी में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के लिए दिल्ली सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। CM रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने नए स्मार्ट राशन कार्ड जारी करने के निर्देश दिए हैं। सरकार के मुताबिक, ये स्मार्ट राशन कार्ड नए डिजाइन, क्यूआर कोड और आधुनिक डिजिटल फीचर्स से लैस होंगे। इससे राशन वितरण की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, तेज और सुरक्षित हो सकेगी। अधिकारियों का कहना है कि क्यूआर कोड के जरिए लाभार्थियों की पहचान आसानी से सत्यापित की जा सकेगी, जिससे फर्जीवाड़े पर रोक लगेगी और सही लोगों तक ही राशन पहुंचेगा। इसके अलावा, डिजिटल ट्रैकिंग सिस्टम के माध्यम से वितरण प्रक्रिया की निगरानी भी बेहतर तरीके से हो पाएगी।

राघव चड्ढा समेत 7 AAP सांसदों के बीजेपी में विलय को मंजूरी
आम आदमी पार्टी (AAP) के सात राज्यसभा सांसदों के भारतीय जनता पार्टी में विलय को लेकर राज्यसभा के सभापति ने इस विलय को मंजूरी दे दी है, जिसके बाद संसद की सियासत में हलचल तेज हो गई है। विलय के तहत राघव चड्ढा, संदीप पाठक, अशोक मित्तल, हरभजन सिंह, स्वाति मालीवाल, राजिंदर गुप्ता और विक्रमजीत सिंह साहनी अब बीजेपी संसदीय दल का हिस्सा बन गए हैं। इस फैसले के बाद CM रेखा गुप्ता की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इन सांसदों के शामिल होने से बीजेपी संसदीय दल और मजबूत होगा। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत लिया गया निर्णय बताया।

‘सत्याग्रह’ को लेकर केजरीवाल–सिसोदिया का राजघाट दौरा
दिल्ली में राजनीतिक हलचल के बीच अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) अपने पार्टी नेताओं के साथ राजघाट पहुंचे। यह दौरा जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा से जुड़े एक मामले को लेकर जताए गए विरोध और “सत्याग्रह” के रूप में बताया जा रहा है। केजरीवाल के साथ मनीष सिसोदिया, आतिशी और अन्य आम आदमी पार्टी के नेता भी मौजूद रहे। नेताओं ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी और वहां अपनी बात रखते हुए प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वे देश की न्यायपालिका का पूरा सम्मान करते हैं और आज देश में जो स्वतंत्रता और व्यवस्था है, वह न्याय प्रणाली के कारण ही संभव है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी परिस्थितियां उत्पन्न हो गई हैं कि उन्हें “सत्याग्रह” का सहारा लेना पड़ रहा है।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः–
दिल्ली विधानसभा विशेष सत्र: Delhi Assembly Special Session: राजधानी दिल्ली में महिला आरक्षण से जुड़े मुद्दे पर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। महिला आरक्षण संबंधी संविधान संशोधन विधेयक के लोकसभा में पारित नहीं होने के बाद इस विषय पर चर्चा के लिए दिल्ली विधानसभा में विशेष सत्र आयोजित किया जा रहा है। सत्र के दौरान भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने विपक्ष पर महिलाओं के साथ “विश्वासघात” करने का आरोप लगाया है। भाजपा का कहना है कि विपक्ष ने महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने के महत्वपूर्ण मौके को गंवा दिया। इस मुद्दे को लेकर भाजपा शासित कई राज्यों में भी विशेष विधानसभा सत्र बुलाए गए हैं, जहां महिला आरक्षण पर चर्चा की जा रही है। भाजपा विधायकों ने विरोध जताने के लिए काली पट्टी बांधकर विधानसभा पहुंचे हैं। (पढ़े पूरी खबर)
आतिशी का BJP पर हमला: दिल्ली की राजनीति में एक बार फिर तीखी बयानबाजी देखने को मिली है। आतिशी ने भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में भाजपा बार-बार आम आदमी पार्टी को खत्म होने की भविष्यवाणी करती रही है। आतिशी ने कहा कि भाजपा ने “15 साल में 15 बार” अरविंद केजरीवाल की राजनीति के अंत का दावा किया, लेकिन हर बार वे दावे गलत साबित हुए। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए 2500 रुपये के वादे का मुद्दा भी उठाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से सवाल पूछे। (पढ़े पूरी खबर)
बीजेपी में शामिल होते ही केजरीवाल पर जमकर बरसीं स्वाति मालीवाल: राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल(Swati Maliwal) ने बीजेपी का दामन थाम लिया है। मंगलवार को दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा (Virendra Sachdeva) की उपस्थिति में उन्होंने केंद्र की सत्ताधारी पार्टी बीजेपी ज्वाइन कर ली। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी और अमित शाह की जमकर तारीफ की। इसके साथ ही उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर जमकर हमला भी किया। यही नहीं केजरीवाल के कोर्ट में पेशी से इनकार, राजघाट जाकर सत्याग्रह करने पर भी उन्होंने सवाल उठाए। स्वाति मालीवाल ने दो टूक कहा कि अरविंद केजरीवाल ड्रामेबाज हैं।(पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में 5 दिन बंद रहेंगी शराब दुकानें: राजधानी दिल्ली में 1 मई को बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर पूरे शहर में शराब की दुकानें बंद रहेंगी। इस संबंध में दिल्ली सरकार ने आदेश जारी किया है। सरकार के फैसले के अनुसार, सिर्फ 1 मई ही नहीं बल्कि आने वाले महीनों में भी कई तारीखों पर शराब की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। मई से सितंबर तक कुछ विशेष दिनों को ‘ड्राई डे’ घोषित किया गया है, जिन दिनों राजधानी में किसी भी प्रकार की शराब की बिक्री नहीं होगी। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने सभी लाइसेंसधारकों को निर्देश दिया है कि वे निर्धारित दिनों में अपने प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रखें और नियमों का पालन सुनिश्चित करें। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली को दहलाने की साजिश नाकाम: सुरक्षा एजेंसियों ने दिल्ली में एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया है। जांच एजेंसियां एक ऐसे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं, जिसके तार पाकिस्तान, बांग्लादेश और नेपाल से जुड़े बताए जा रहे हैं। इस कार्रवाई में कुल 9 संदिग्ध गुर्गों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से 18 आधुनिक हथियार भी बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच के अनुसार, यह गिरोह सीमा पार संपर्कों के जरिए भारत में हथियारों की सप्लाई और नेटवर्क विस्तार की साजिश रच रहा था। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली सरकार का ‘ग्रीन एक्शन प्लान 2026-27’: राजधानी में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली सरकार ने समाज के हर वर्ग की भागीदारी के साथ बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है। इस पहल के तहत मनजिंदर सिंह सिरसा की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें 20 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस बैठक में स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और तकनीकी संस्थानों के साथ-साथ कई प्रमुख संस्थान शामिल रहे, जिनमें भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान दिल्ली, नेताजी सुभाष प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय और जामिया मिल्लिया इस्लामिया जैसे प्रतिष्ठित संस्थान प्रमुख रहे। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष पद पर जल्द फैसला संभव: पश्चिम बंगाल में चुनावी प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजधानी की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। दिल्ली भाजपा के नए अध्यक्ष को लेकर चर्चाएं तेज हैं और दावेदारों के नाम सामने आने लगे हैं। सूत्रों के मुताबिक, कुलजीत सिंह चहल और हर्ष मल्होत्रा इस पद की रेस में सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। दोनों नेताओं को संगठन और प्रशासनिक अनुभव के चलते प्रमुख विकल्प के रूप में देखा जा रहा है।भारतीय जनता पार्टी दिल्ली इकाई में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चर्चाएं लंबे समय से चल रही हैं। माना जा रहा है कि पश्चिम बंगाल चुनाव खत्म होते ही पार्टी इस दिशा में बड़ा फैसला ले सकती है। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

