वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के नीरपुर गांव से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। चाचा के घर में चल रहे शादी समारोह के दौरान करंट लगने से 12 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। घटना कल मंगलावर देर रात की है।

मृतक की पहचान नालंदा थाना क्षेत्र के नीरपुर गांव निवासी झुंझुनू मिस्त्री के 12 वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अंकुश चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था।

सुरक्षा के लिए बिछे करंट तार ने ली जान

मृतक के बड़े भाई पंकज कुमार ने बताया कि चाचा के घर चचेरी बहन की शादी थी और अंकुश शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था। वह टेबल सजाने का काम कर रहा था। इसी दौरान उसने कहा कि वह पहले शौच कर आएगा, फिर घर जाएगा। इसके बाद वह दो अन्य लड़कों के साथ पास के खेत की ओर चला गया।

परिजनों ने बताया कि जिस खेत में अंकुश शौच के लिए गया था। वहां भुट्टा की फसल लगी हुई थी, जिसकी सुरक्षा के लिए खेत में करंट प्रवाहित तार बिछाया गया था। अंकुश को इस बात की जानकारी नहीं थी। इसी दौरान वह खेत में पानी छूने के क्रम में करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।

परिजनों में मचा कहोराम

घटना के बाद कुछ देर बाद साथ गए लड़कों ने परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में अंकुश को इलाज के लिए बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद शादी का घर मातम में तब्दील हो गया है और पूरे गांव में शोक की लहर है। युवक की मौत के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ये भी पढ़ें- ‘मारब सिक्सर के 6 गोली छाती में’, सरकारी अफसर की हत्या पर भड़के तेजस्वी, मोदी से लेकर सम्राट तक…