सीवान। जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधी के खिलाफ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पूर्व MLC और भाजपा नेता मनोज कुमार सिंह के भांजे हर्ष कुमार की हत्या के मुख्य आरोपी छोटू कुमार यादव को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार सुबह हुई इस कार्रवाई में पुलिस की आत्मरक्षा में चलाई गई गोलियां आरोपी के दोनों पैरों में लगी हैं, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में पटना रेफर किया गया है।

​कार टच होने पर उपजा विवाद और खूनी संघर्ष

​यह पूरा मामला महज एक मामूली बात से शुरू हुआ था। बुधवार शाम करीब 6:30 बजे नगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर आंदर ढाला ओवरब्रिज के पास चंदन सिंह अपने बेटे हर्ष के साथ एक तिलक समारोह में जाने के लिए गाड़ी खड़ी कर इंतजार कर रहे थे। तभी पीछे से आई एक कार ने उनकी गाड़ी को हल्की टक्कर मार दी। जब चंदन सिंह ने इसका विरोध किया, तो दूसरी कार में सवार छोटू यादव और उसके साथियों ने विवाद शुरू कर दिया।

​पिता के सामने इकलौते बेटे की हत्या

​विवाद इतना बढ़ा कि अपराधियों ने अपनी कार से हथियार निकाल लिए। प्रत्यक्षदर्शियों और सामने आए वीडियो के अनुसार, तेज बारिश के बीच अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में पटना से एलएलबी (LLB) की पढ़ाई कर रहे हर्ष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हर्ष अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और शादी में शामिल होने घर आया था।

​पुलिस की घेराबंदी और मुठभेड़ की कहानी

​घटना के बाद सीवान एसपी पूरन कुमार झा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने हुसैनगंज के हथौड़ा निवासी छोटू यादव को हिरासत में लिया। जब पुलिस उसे हथियार बरामदगी के लिए ले जा रही थी, तो उसने पुलिस की गिरफ्त से छूटकर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने तीन राउंड गोलियां चलाईं, जिसमें से दो गोलियां छोटू के घुटनों में लगीं।

​अपराधिक इतिहास और फरार साथियों की तलाश

​पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी छोटू यादव का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह हाल ही में छपरा जेल से छूटकर बाहर आया था। इस घटना में कुल चार लोग शामिल थे। पुलिस ने संकेत दिया है कि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही वे भी सलाखों के पीछे होंगे।