कुंदन कुमार/पटना। बिहार की राजनीति में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज शाम दिल्ली के लिए रवाना हो रहे हैं, जहां वे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात करेंगे। इस दौरे का मुख्य एजेंडा बिहार कैबिनेट के नए चेहरों और विभागों के बंटवारे को अंतिम रूप देना माना जा रहा है।
इससे पहले आज मुख्यमंत्री ने नीतीश कुमार से उनके नए आवास (7 सर्कुलर रोड) पर मुलाकात की। करीब 20 मिनट तक चली इस बातचीत में मंत्रिमंडल विस्तार और गठबंधन के स्वरूप पर गहन चर्चा हुई।
’15-15′ का नया फॉर्मूला: भाजपा बनी ‘बड़े भाई’
बिहार की नई सरकार में इस बार शक्ति संतुलन बदला हुआ नजर आ रहा है। सूत्रों के मुताबिक, कैबिनेट में 15-15 का फॉर्मूला तय किया गया है। यानी भाजपा और जदयू दोनों के कोटे से 15-15 मंत्री बनाए जाएंगे, हालांकि शुरुआती चरण में कुछ पद खाली रखे जा सकते हैं।
संभावित समीकरण इस प्रकार हैं:
- भाजपा: 13 मंत्री
- जदयू: 12 मंत्री
- अन्य दल: लोजपा (आर) से दो, हम (HAM) और आरएलएम (RLM) से एक-एक मंत्री शपथ ले सकते हैं।
दबदबे में भाजपा: सीएम, स्पीकर और गृह मंत्रालय अपने पास
इस बार सरकार में भाजपा ने अपनी पकड़ मजबूत की है। पुरानी परंपराओं को तोड़ते हुए भाजपा ने न केवल मुख्यमंत्री की कुर्सी संभाली है, बल्कि स्पीकर और गृह मंत्रालय जैसे महत्वपूर्ण विभाग भी अपने पास रखे हैं। बताया जा रहा है कि अमित शाह और जदयू नेतृत्व के बीच इन विभागों को लेकर डील पहले ही फाइनल हो चुकी है।
6 मई को भव्य शपथ ग्रहण की तैयारी
मंत्रिमंडल विस्तार के लिए 6 मई की तारीख संभावित है। हालांकि, यह आयोजन बंगाल चुनाव के परिणामों पर भी निर्भर करेगा। यदि परिणाम अनुकूल रहे, तो समारोह भव्य होगा, अन्यथा तारीख में मामूली बदलाव किया जा सकता है। जदयू नेता संजय झा पहले से ही दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं।
’एक अणे मार्ग’ शिफ्ट होंगे सम्राट
नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री आवास खाली करने के बाद सम्राट चौधरी जल्द ही ‘एक अणे मार्ग’ में शिफ्ट होंगे। उन्होंने आज वहां का मुआयना किया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
प्रशासनिक मोर्चे पर भी मुख्यमंत्री एक्शन मोड में हैं। आज वे मरीन ड्राइव (जेपी गंगा पथ) के रिवरफ्रंट पार्क का निरीक्षण करेंगे और शाम को महावीर मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके अलावा, पटना मेट्रो और ड्रेनेज जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स पर नगर विकास विभाग के साथ उनकी समीक्षा बैठक भी निर्धारित है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

