Bihar News: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में सत्ताधारी दल टीएमसी को बड़ी हार का सामना करना पड़ा है। 293 सीटों में से बीजेपी ने 206 सीटें जीत हासिल कर प्रचंड बहुमत प्राप्त किया। वहीं, टीएमसी महज 81 सीटों पर ही सिमट गई। 2021 में हुए चुनाव के मुकाबले ममता की टीएमसी को 134 सीटों को नुकसान हुआ है। इस करारी हार के बाद भी लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने ममता बनर्जी को आज के दौर की झांसी की रानी बताया है।

रोहिणी ने ममता को बताया झांसी की रानी!

रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया एक्स पर ममता बनर्जी की तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा कि एक अकेली जुझारू महिला, सही मायनों में आज के दौर की झांसी की रानी, के खिलाफ प्रधानमंत्री, दर्जनों केंद्रीय मंत्रियों-मुख्यमंत्रियों, सैकड़ों सांसदों-विधायकों, मीडिया की पूरी पलटन, देश भर से जुटाए गए लाखों लोगों, पक्षपाती चुनाव आयोग, केंद्रीय एजेंसियों व् सुरक्षा बलों और अकूत पैसे ने चुनाव लड़ा, फिर भी जीत हासिल करने के लिए हेराफेरी और धांधली ही करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि, लोकतांत्रिक व्यवस्था को शर्मसार करने वाले नाजायज हथकंडों, तमाम छल- प्रपंचों का सहारा ही लेना पड़ा।

यह हार नहीं, जम्हूरियत की जीत- रोहिणी

रोहिणी आचार्य ने आगे लिखा कि, जो जम्हूरियत को फासीवादियों के चुंगल से बचाने के लिए फिक्रमंद और प्रयासरत हैं, उनके लिए ये हार नहीं जीत है। ये संघर्ष की हार नहीं बल्कि जम्हूरियत को बचाने के लिए लड़ी गई लड़ाई की जीत है। रोहिणी आचार्य ने कहा कि, जम्हूरियत को बचाने के लिए उठने वाली हर एक आवाज की यह जीत है और आगे किस मजबूती से लड़ना है उसके लिए एक और सीख है।

अपना सीट भी नहीं बचा पाई ममता

बता दें कि पश्चिम बंगाल में भाजपा पहली बार अपनी सरकार बनाने जा रही है। वहीं, 15 साल से बंगाल की सत्ता पर काबिज ममता बनर्जी के लिए यह बड़ी हार है। टीएमसी के हालत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि राज्य की मुख्यमंत्री होकर भी ममता बनर्जी अपनी सीट नहीं बचा पाई। भवानीपुर सीट से बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने उन्हें 15, 501 वोटों से चुनाव हराया।

चुनाव आयोग के मुताबिक शुभेंदु अधिकारी को 73,917 वोट मिले, जबकि ममता बनर्जी को 58,801 वोट मिले। बता दें कि इससे पहले साल 2021 के चुनाव में भी शुभेंदु अधिकारी ने ममता को नंदीग्राम सीट से चुनाव हराया था। सीएम ममता के अलावा कई मंत्रियों को भी अपनी सीट पर हार का सामना करना पड़ा है।

ये भी पढ़ें- बिहार कैबिनेट विस्तार को ऐतिहासिक और भव्य बनाने की तैयारी, PM मोदी समेत शामिल होंगे ये दिग्गज नेता