पंकज श्रीवास्तव, छपरा। सारण जिले में आज बुधवार (6 मई) की सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। वहीं करीब आधा दर्जन लोग जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। सभी घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल चारों मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। वहीं कुछ घायलों की पहचान की गई है, जो कि यूपी के बलिया जिला के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा

घटना छपरा शहर के भगवान बाजार थाना अंतर्गत पीएन सिंह कॉलेज के पास की है। बताया जा रहा है कि छपरा में किसी शादी समारोह में प्रोग्राम देने के बाद ऑर्केस्ट्रा टीम डीजे लदे पिकअप से ही वापस बलिया लौट रहे थे। इस बीच छपरा-मांझी मुख्य मार्ग पर पीएन सिंह कॉलेज की समीप पिकअप अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पिकअप पलटने के कारण उस पर बैठे ऑर्केस्ट्रा टीम के लोग बीच सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही अनियंत्रित ट्रक ने चार लोगों को रौंद दिया, जिससे उनकी मौत मौके पर हो गई। जबकि अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

सड़क पर फैले क्षत-विक्षत शव

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। हादसा इतना भयानक था कि सड़क के चारों ओर क्षत-विक्षत हालत में शव पड़े हुए थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी शवों को अपने कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा।

मृतकों में दो नर्तकी भी शामिल

स्थानीय लोगों ने बताया है कि आर्केस्ट्रा उत्तर प्रदेश के बलिया से मंगाया गया था, जिसमें सवार सभी लोग उत्तर प्रदेश के ही रहने वाले हैं। मृतकों में दो नर्तकी एवं दो ऑर्केस्ट्रा कर्मी शामिल है, जिनके शव की फिलहाल शिनाख्त नहीं हो पाई है। वहीं गंभीर रूप से घायलों में उत्तर प्रदेश के बलिया जिला अंतर्गत नरई थाना अंतर्गत पिपरा कला गांव निवासी राजेंद्र राम का 24 वर्षीय पुत्र अरुण कुमार, जैथरा थाना क्षेत्र के गरीमेड गांव निवासी गंगा का 35 वर्षीय पुत्र श्यामवीर, मरदान गांव निवासी सुनील यादव का 5 वर्षीय पुत्र शिवम यादव एवं अन्य शामिल है. सभी घायलों का उपचार फिलहाल में चल रहा है।

ये भी पढ़ें- IRCTC Scam: लालू परिवार के लिए आज का दिन काफी अहम, मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कोर्ट सुना सकती है फैसला