कुंदन, कुमार पटना। बिहार में सम्राट सरकार के कैबिनेट का विस्तार पूरा हो गया है। कैबिनेट विस्तार में 32 नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। भाजपा को 15, जेडीयू को 13, लोजपा (रामविलास) को 2, हम और रालोमो को 1-1 मंत्री पद मिला। इसके साथ ही सम्राट सरकार में सीएम समेत मंत्रियों की कुल संख्या 35 हो गई। पूर्व सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। सम्राट सरकार में उन्हें अहम जिम्मेदारी मिल सकती है।

निशांत के मंत्री बनने पर रोहिणी का तंज

निशांत कुमार के मंत्री बनने पर बिहार में राजनीति भी तेज हो गई है। राजद सुप्रीमो लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट के माध्यम से तंज कसा है। रोहिणी ने लिख “बिना चुनाव लड़े चोर दरवाजे से मंत्रिमंडल में शार्टकट इंट्री पाने के लिए भाई निशांत को बधाई-शुभकामनाएं और इंट्री दिलाने के लिए असलियत में अनैतिकता के शिखर पुरुष, मगर ‘स्वयंभू नैतिक पुरुष’ चाचा जी को भी ढेरों बधाई .. 2005 से पहले ई सब भी नहीं होता था चाचा रंगबदलू जी।”

राजद ने भी कसा था तंज

वहीं, निशांत कुमार के मंत्री बनने से पहले राजद ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से पूर्व सीएम नीतीश कुमार पर हमला बोला था। राजद ने अपनी पोस्ट में लिखा “पिता ने आजीवन परिवारवाद पर लेक्चर देने के बाद अपने बेटे को राजनीति में सेटल करने की शर्त पर ही कुर्सी छोड़ी। परिवारवादी बेटे ने भी 2 ही दिन में लग्जरी यात्रा छोड़, कार्यकर्ताओं को मुंह चिढ़ाते हुए, पलटी मारते हुए पिछले दरवाजे से मंत्री बनने का कार्यकर्ता-विरोधी विकल्प ही चुना। जिसमें पलटी मारना ही हो नीति वही रही सदैव कुर्सी कुमार की राजनीति।”

32 मंत्रियों ने ली पद और गोपनीयता की शपथ

श्रवण कुमार, विजय कुमार सिन्हा, दिलीप जायसवाल, निशांत कुमार, लेशी सिंह, रामकृपाल यादव, नीतीश मिश्रा, दामोदर रावत, संजय सिंह टाइगर, अशोक चौधरी, भगवान सिंह कुशवाहा, अरुण शंकर प्रसाद, मदन सहनी, संतोष कुमार सुमन, रमा निषाद, रत्नेश सदा, कुमार शैलेंद्र, शीला कुमार, केदार प्रसाद गुप्ता, लखेंद्र कुमार रोशन, सुनील कुमार, श्रेयसी सिंह, जमा खान, नंदकिशोर राम, शैलेश कुमार, डॉ. प्रमोद कुमार, श्वेता गुप्ता, मिथिलेश तिवारी, रामचंद्र प्रसाद, संजय कुमार सिंह, दीपक प्रकाश और संजय कुमार ने मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ ली। गौरतलब है कि बतौर सीएम सम्राट चौधरी और जदयू से विजय कुमार चौधरी व बिजेंद्र प्रसाद यादव डिप्टी सीएम पद की पहले ही शपथ ले चुके हैं। इसके साथ ही सम्राट कैबिनेट में मंत्रियों की कुल संख्या 35 हो गई।

ये भी पढ़ें- सीवान में ज्वेलरी शॉप से 20 लाख की लूट: तेजस्वी का CM सम्राट पर तंज, बोले- जाति देख मारी जाएगी गोली