अजय सैनी ,भिवानी।गांव कलिंगा स्थित श्रीबालाजी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मदर्स डे के उपलक्ष्य में भावनात्मक और रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ममता, त्याग और निस्वार्थ प्रेम को समर्पित इस समारोह में बच्चों और उनकी माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में माताओं की प्रतिभा, ऊर्जा और बच्चों के प्रति उनका स्नेह आकर्षण का केंद्र रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत मां की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए की गई। विद्यालय को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और सुबह से ही बच्चों व उनकी माताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को माताओं के त्याग, मेहनत और निस्वार्थ प्रेम के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें सम्मान देने का अवसर प्रदान करना था।

समारोह को रोचक बनाने के लिए स्कूल प्रबंधन द्वारा विभिन्न मनोरंजक खेल एवं गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में माताओं और बच्चों ने जोड़ियों में भाग लिया। कहीं संगीत की धुन पर कदम थिरकते नजर आए तो कहीं खेलों के माध्यम से मां-बच्चों के बीच तालमेल और आपसी समझ दिखाई दी।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘बेस्ट मदर प्रतियोगिता’ रही। विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन और प्रभावशाली व्यक्तित्व के आधार पर शिल्पा को इस वर्ष के ‘बेस्ट मदर’ खिताब से सम्मानित किया गया।

विद्यालय प्राचार्य बजरंग तंवर और संचालिका रेणुका शर्मा ने कहा कि मां परिवार की आधारशिला होने के साथ-साथ बच्चे की पहली गुरु भी होती है। मां के त्याग, समर्पण और प्रेम की तुलना किसी भी चीज से नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन माताओं के प्रति सम्मान व्यक्त करने का माध्यम बनते हैं और बच्चों को पारिवारिक मूल्यों से जोड़ते हैं।

कार्यक्रम के अंत में सभी माताओं को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्कूल स्टाफ सदस्य, विद्यार्थी और अभिभावक मौजूद रहे।