अंबिकापुर/सूरजपुर. सूरजपुर जिले के भटगांव थाना क्षेत्र में आदिवासी नाबालिग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. किशोरी का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला था. पुलिस ने कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव सौंप दिया, लेकिन परिजनों और समाज के लोगों ने मौत की परिस्थितियों पर संदेह जताते हुए अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया. इसके बाद परिजन शव लेकर अंबिकापुर स्थित आईजी कार्यालय पहुंचे. जहां उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच के साथ दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की.
कमरे में फंदे पर लटका मिला था शव
दरअसल, मामला सूरजपुर जिले के प्रतापपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत करौंधा का है. बताया जा रहा है कि नाबालिग आदिवासी किशोरी कुछ समय से अपने परिचित के घर रह रही थी और गांव के ही श्रवण जायसवाल के घर घरेलू काम करती था. 1 सितंबर की दोपहर खाना खाने के बाद किशोरी अपने कमरे में आराम करने चली गई थी. शाम तक जब वह कमरे से बाहर नहीं आई तो घरवालों ने उसकी तलाश शुरू की. कमरे में पहुंचने पर किशोरी फंदे पर लटकी मिली.
इसके बाद उसे फंदे से नीचे उतारकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
20 हजार रुपये देने से बढ़ा परिजनों का संदेह
किशोरी की मौत के बाद परिजनों और समाज के लोगों ने घटना की परिस्थितियों पर सवाल उठाए हैं. बताया जा रहा है कि श्रवण जायसवाल ने मृतका के परिजनों को 20 हजार रुपये भी दिए थे. इसी बात को लेकर परिजनों का संदेह और गहरा गया. उन्होंने शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया.
मामले की जानकारी समाज के लोगों तक पहुंचने के बाद गुरुवार देर शाम परिजन और ग्रामीण शव लेकर अंबिकापुर स्थित आईजी कार्यालय पहुंच गए. इस दौरान काफी देर तक गहमागहमी की स्थिति बनी रही. परिजनों ने किशोरी के साथ दुष्कर्म की आशंका भी जताई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की.
IG ने परिजनों को दिया निष्पक्ष जांच का भरोसा
आईजी कार्यालय पहुंचने के बाद सरगुजा आईजी ने मृतका के परिजनों से मुलाकात की और उनकी बात सुनी. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया. परिजनों की मांग पर किशोरी के शव को मेडिकल कॉलेज की मर्चुरी में रखवाया गया है. बताया जा रहा है कि शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराया जा सकता है.
दोबारा पोस्टमार्टम के बाद साफ होगी मौत की वजह
परिजनों का कहना है कि दोबारा पोस्टमार्टम और निष्पक्ष जांच के बाद ही किशोरी की मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. किशोरी की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है, यह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
फिलहाल परिजन अंतिम संस्कार के बजाय निष्पक्ष जांच और दोबारा पोस्टमार्टम की मांग पर अड़े हुए हैं. अब पुलिस जांच में किशोरी की मौत को लेकर क्या तथ्य सामने आते हैं, यह रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



