मुजफ्फरपुर। पुलिस ने अपराध की आशंका के बीच छापेमारी कर एक युवक को अवैध हथियार और चार जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान विकास कुमार यादव के रूप में हुई है, जो औराई थाना क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, विकास तीन गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित था। इनमें गोलीकांड, लूट और हत्या के प्रयास से जुड़े मामले शामिल हैं। जजुआर ओपी क्षेत्र के एक मामले में पुलिस के साथ मुठभेड़ की बात भी सामने आई है।
गुप्त सूचना पर रमौली चौक के पास छापेमारी
एसडीपीओ पूर्वी-1 अलय वत्स ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 17 अक्टूबर को बेनीबाद थाना पुलिस को सूचना मिली कि रमौली चौक के पास एक युवक अवैध हथियार के साथ किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है।
सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की और मौके से विकास कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। मामले में बेनीबाद थाना कांड संख्या 156/26 दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
औराई के गोलीकांड में भी वांछित
पुलिस के मुताबिक, विकास कुमार यादव का आपराधिक रिकॉर्ड गंभीर है। वह औराई थाना कांड संख्या 341/26 में वांछित है। इस मामले में एक युवक के पैर में गोली मारे जाने की घटना हुई थी। एसडीपीओ के अनुसार, यह वारदात इसी महीने हुई थी। पुलिस अब इस मामले में उसकी भूमिका की जांच कर रही है।
जजुआर ओपी के लूट और हत्या के प्रयास के केस में तलाश
विकास की तलाश कटरा थाना क्षेत्र के जजुआर ओपी में दर्ज दो अन्य मामलों में भी की जा रही थी। इनमें कांड संख्या 210/26 लूट से संबंधित है, जबकि कांड संख्या 209/26 हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से जुड़ा है। एसडीपीओ ने जजुआर की घटना के संदर्भ में पुलिस के साथ मुठभेड़ होने की जानकारी भी दी है।
पूछताछ में जुटी पुलिस
तीन मामलों में वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि विकास रमौली चौक पर किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था और क्या इस साजिश में अन्य लोग भी शामिल थे। पुलिस बरामद हथियार और कारतूस के स्रोत समेत मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

