कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी की यूपी भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष सरोज कुशवाहा और मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने निंदा की. दोनों नेताओं ने बयान को अनुचित बताते हुए खड़गे और कांग्रेस से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की.

लखनऊ. मंगलवार को उत्तर प्रदेश भाजपा के नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी की आलोचना की. भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने खड़गे से देश की जनता के सामने सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की, वहीं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने भी बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताया.

सरोज कुशवाहा ने जताई नाराजगी

सरोज कुशवाहा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल राजनीतिक मर्यादाओं के खिलाफ है और इससे लोकतांत्रिक संवाद की गरिमा प्रभावित होती है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री 140 करोड़ देशवासियों के विश्वास और जनादेश का प्रतिनिधित्व करते हैं.

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष के मुताबिक, राजनीतिक दलों को सरकार और प्रधानमंत्री की नीतियों का विरोध करने का अधिकार है, लेकिन विरोध के दौरान अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं है.

जनता से माफी की मांग

सरोज कुशवाहा ने आरोप लगाया कि जनहित के मुद्दों पर ठोस तर्क नहीं होने पर विपक्ष की भाषा का स्तर गिरने लगता है. उन्होंने खड़गे से अपने बयान पर आत्ममंथन करने और देश की जनता से सार्वजनिक रूप से क्षमा मांगने की अपील की.

पटना में खड़गे की टिप्पणी के बाद भाजपा नेताओं ने भी नाराजगी जताई है. उन्होंने बयान को अमर्यादित बताते हुए कांग्रेस अध्यक्ष से माफी की मांग की.

दानिश अंसारी ने भी घेरा

बलिया में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने खड़गे के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि यह टिप्पणी कांग्रेस की हताशा और राजनीतिक कुंठा को दर्शाती है तथा कांग्रेस और खड़गे को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए.

दानिश अंसारी ने आरोप लगाया कि राजनीतिक महत्वाकांक्षा के चलते प्रधानमंत्री के परिवार को निशाना बनाया जा रहा है और उनके खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि कुछ दिन पहले राहुल गांधी ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां को लेकर मजाक किया था.

राहुल गांधी पर भी टिप्पणी

दानिश अंसारी ने राहुल गांधी के मानहानि मामले में बरी होने पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और राहुल गांधी लगातार देश के संवैधानिक ढांचे को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं. भाजपा नेताओं ने खड़गे की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस नेतृत्व से माफी की मांग दोहराई है.