उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एमएलसी चुनाव परिणाम को लेकर बयान दिया है. उन्होंने कहा कि सपा का खाता वहां खुल गया है जहां नहीं खुलना चाहिए था. इसे लेकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने डिप्टी सीएम और भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है. उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि पीडीए की जीत पर ये भी अंदर ही अंदर खुश हैं.
अखिलेश ने एक्स पर लिखा कि ‘दरअसल पीडीए की जीत पर ये भी अंदर-ही-अंदर ख़ुश हैं, घर छोड़ देने से कोई पराया नहीं हो जाता है. अगर षडयंत्रकारी भाजपाइयों ने गोरखपुर में घोड़े की ढाई चाल न चली होती तो वहां भी बनारसवाला हाल होता. कुल मिलाकर तो गोरखपुर भी भाजपा नैतिक रूप से हार ही गई है.’
इसे भी पढ़ें : UP MLC Salary: यूपी में एमएलसी को हर महीने मिलते हैं 2.66 लाख, जानें सैलरी, भत्ते और अधिकार
अखिलेश ने आगे लिखा कि ‘बनारस के अंतिम नतीजे आने तक हमारी अपने सभी कार्यकर्ताओं से ये अपील है कि जब तक हाथ में जीत का प्रमाण नहीं, तब तक विश्राम नहीं. एमएलसी चुनावों ने भाजपा का बोरिया बिस्तर बांध दिया है. घोर बेईमानी और प्रशासनिक हेराफेरी के बावजूद भी भाजपा की दुर्गति कोई नहीं रोक पाया. जिन भ्रष्ट अधिकारियों ने भाजपा की चाकरी की है, उन सबको पीडीए सरकार आने पर जनता के कटघरे में खड़ा किया जाएगा.’

