उत्तराखंड के उत्तरकाशी में गुरुवार सुबह गंगनानी के पास गुजरात के यात्रियों से भरी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई और नदी में समा गई. हादसे में चार लोगों के शव बरामद हुए हैं, एक यात्री घायल है और दो महिलाएं लापता हैं.

उत्तरकाशी. जिले में गुरुवार सुबह गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास गुजरात के यात्रियों से भरी एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई और नदी में समा गई. हादसे में अब तक चार लोगों के शव बरामद किए गए हैं. एक यात्री गंभीर रूप से घायल है, जबकि दो महिलाएं लापता हैं. वाहन में गुजरात के छह यात्री और हरिद्वार निवासी चालक समेत कुल सात लोग सवार थे.

गंगनानी के पास हादसा

जानकारी के मुताबिक, वाहन गुरुवार सुबह हिना के समीप से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुआ था. गंगनानी बाजार पार करने के बाद डबरानी की ओर जाते समय अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी.

हादसे के बाद वाहन नदी में समा गया. दुर्घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरातफरी मच गई और पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) तथा 108 आपातकालीन सेवा की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हुईं.

बचाव अभियान जारी

मौके पर पहुंची राहत एवं बचाव टीमों ने नदी किनारे और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान शुरू किया. अभियान के दौरान नदी किनारे चार लोगों के शव बरामद किए गए हैं. एक घायल यात्री को उपचार के लिए भेजा गया है, जबकि लापता दो लोगों की तलाश जारी है.

मृतकों की पहचान

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान अशोकबेन पटेल (49 वर्ष), रुतिका अशोकभाई पटेल (19 वर्ष), घनश्यामभाई सरवालिया (32 वर्ष) और वाहन चालक सुरेंद्र सिंह के रूप में हुई है.

  • अशोकबेन पटेल (49 वर्ष): दूसरी मंजिल, शिवालिक रेजीडेंसी, ललिता चौकड़ी, कटारगाम, सूरत सिटी, गुजरात.
  • रुतिका अशोकभाई पटेल (19 वर्ष): दूसरी मंजिल, शिवालिक रेजीडेंसी, ललिता चौकड़ी, कटारगाम, सूरत सिटी, गुजरात.
  • घनश्यामभाई सरवालिया (32 वर्ष): निवासी गुजरात.
  • सुरेंद्र सिंह: निवासी हरिद्वार, वाहन चालक.

एक घायल, दो लापता

दुर्घटना में वेदांत अशोकभाई पटेल (17 वर्ष) घायल हुए हैं. वह दूसरी मंजिल, शिवालिक रेजीडेंसी, ललिता चौकड़ी, कटारगाम, सूरत सिटी, गुजरात के निवासी हैं.

वहीं, लापता लोगों में सुधाबेन अशोकभाई पटेल (45 वर्ष) और किरणबेन विशालभाई पटेल (34 वर्ष) शामिल हैं. सुधाबेन इसी शिवालिक रेजीडेंसी, कटारगाम, सूरत की निवासी हैं, जबकि किरणबेन का पता सरवालियाना चौक के पास, सायला, सुरेंद्रनगर, गुजरात बताया गया है. दोनों की तलाश के लिए बचाव दल का अभियान जारी है.