कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह महिला बॉक्सर मंतशा कुमारी का शव मिलने से हड़कंप मच गया. परिजनों ने जिम में ट्रेनिंग के लिए आने वाले एक युवक पर हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.

कानपुर. जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उत्तर प्रदेश की महिला बॉक्सर मंतशा कुमारी का शव मिलने का मामला सामने आया है. 26 वर्षीय मंतशा जाजमऊ स्थित एक जिम में ट्रेनर के तौर पर काम करती थीं. परिजनों ने उनकी मौत को संदिग्ध बताते हुए एक युवक पर हत्या की आशंका जताई है.

बाजार जाने के बाद लापता

परिजनों के अनुसार, मंतशा गुरुवार शाम करीब 5 बजे खरीदारी के लिए चकेरी थाना क्षेत्र के लालबंगला बाजार निकली थीं. तबीयत खराब होने के कारण उन्होंने स्कूटी के बजाय ऑटो से जाने का फैसला किया था. देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिवार ने उनकी तलाश शुरू की.

परिजनों ने बताया कि शाम करीब 7 बजे से ही उनका मोबाइल फोन बंद आ रहा था. तलाश के दौरान कोई जानकारी नहीं मिलने पर अगले दिन गंगाघाट थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई.

महोली मोड़ के पास मिला शव

शुक्रवार सुबह स्थानीय पुलिस को महोली कोल्ड स्टोरेज मोड़ के पास एक युवती का शव पड़े होने की सूचना मिली. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

डीसीपी ईस्ट सत्यजीत गुप्ता के मुताबिक, शुरुआती जांच में शरीर पर बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं. मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.

सूचना मिलने पर परिजन और उन्नाव की गंगाघाट पुलिस भी मौके पर पहुंची. माता-पिता ने शव की पहचान अपनी बेटी मंतशा के रूप में की.

बॉक्सिंग में जीते थे पदक

मंतशा के पिता प्रेम कुमार भी बॉक्सर रह चुके हैं और बच्चों को बॉक्सिंग सिखाते हैं. उन्होंने बताया कि मंतशा दो बहनों और एक भाई में सबसे छोटी थीं. इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद उन्होंने बॉक्सिंग शुरू की थी और कई प्रतियोगिताओं में उत्तर प्रदेश स्तर पर पदक हासिल किए थे.

पिता के मुताबिक, करीब दो महीने पहले बच्चेदानी में गांठ का ऑपरेशन होने के कारण मंतशा कुछ दिनों से जिम नहीं जा रही थीं. दो दिन पहले ही उन्होंने घर से बाहर निकलना शुरू किया था. प्रेम कुमार ने जिम में ट्रेनिंग के लिए आने वाले एक युवक पर हत्या की आशंका जताई है. उनके अनुसार, मंतशा के बीमार रहने के दौरान वह युवक अस्पताल भी पहुंचा था.

शादी की तैयारियों में जुटी थीं

परिवार में 18 नवंबर को भतीजी की शादी होनी है. घर में इसी समारोह की तैयारियां चल रही थीं और मंतशा भी इसमें सक्रिय रूप से हिस्सा ले रही थीं. परिजनों के मुताबिक, वह शादी की खरीदारी के लिए ही गुरुवार को घर से निकली थीं.

मंतशा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से परिवार में मातम पसरा है.