चंडीगढ़: मनीमाजरा की इंदिरा कॉलोनी में 12 वर्षीय बच्ची के अचानक लापता होने के बाद उस समय सनसनी फैल गई, जब मंगलवार को पुलिस ने उसे पड़ोस के एक मकान के कमरे से बरामद किया। बच्ची कमरे के अंदर बेहोशी की हालत में मिली। पुलिस ने मौके से एक किशोर को हिरासत में लिया है। बच्ची को तत्काल मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसके स्वास्थ्य और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
परिजनों के अनुसार, बच्ची सोमवार रात घर से बाथरूम जाने के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिवार ने आसपास तलाश की और काफी देर तक बच्ची का पता नहीं चलने पर पुलिस को सूचना दी। मंगलवार दोपहर पुलिस को जानकारी मिली कि बच्ची पड़ोस के मकान के एक कमरे में है। इसके बाद आईटी पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे को खुलवाकर बच्ची को बाहर निकाला। बताया गया है कि कमरे के बाहर कुंडा लगा हुआ था।
बच्ची ने पुलिस को क्या बताया?
पुलिस के मुताबिक, बच्ची ने शुरुआती बयान में बताया कि बाथरूम से लौटते समय पड़ोस में रहने वाले युवक ने उससे पानी मांगा था। बच्ची का कहना है कि पानी देने से इनकार करने के बाद युवक ने उसके मुंह पर कपड़ा रख दिया, जिसके बाद उसे अगवा किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद की घटना के बारे में बच्ची ने पुलिस को जानकारी नहीं होने की बात कही है।
बच्ची के पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को जबरन कमरे में रखा गया था और वह जब मिली तो बेहोशी की हालत में थी। पिता ने हिरासत में लिए गए युवक की उम्र को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि युवक की उम्र करीब 20 वर्ष है, जबकि पुलिस उसे नाबालिग बता रही है। हालांकि, युवक की वास्तविक उम्र दस्तावेजों और पुलिस जांच के आधार पर स्पष्ट होगी।
पिता ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उनसे और बच्ची से हस्ताक्षर तो करवाए गए, लेकिन आगे की कार्रवाई के बारे में उन्हें पर्याप्त जानकारी नहीं दी गई। वहीं, पिता के अनुसार बच्ची ने उन्हें बताया है कि उसके साथ कुकर्म नहीं हुआ। इस संबंध में पुलिस मेडिकल रिपोर्ट और बच्ची के बयान समेत सभी तथ्यों की जांच कर रही है।
अस्पताल में जुटे लोग, पुलिस कार्रवाई पर सवाल
बच्ची के अस्पताल पहुंचने की जानकारी के बाद मंगलवार देर रात सिविल अस्पताल मनीमाजरा में परिजनों के अलावा कॉलोनी के काफी लोग एकत्रित हो गए। लोगों ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि मामले में पुलिस पर्याप्त कार्रवाई नहीं कर रही है।
मामले की जानकारी मिलने पर चंडीगढ़ की डिप्टी मेयर सुमन शर्मा भी अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने बच्ची के परिजनों और प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों से भी मामले को लेकर बात की और डीएसपी से पूरे घटनाक्रम पर चर्चा की।
अपहरण का केस दर्ज, मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने बच्ची के लापता होने के बाद अपहरण का मामला दर्ज किया था। बच्ची की बरामदगी के बाद अब उसके बयान, मेडिकल जांच, कमरे से मिले साक्ष्य और हिरासत में लिए गए किशोर से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच जारी है और मेडिकल रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बच्ची के सुरक्षित मिलने से परिवार ने राहत की सांस ली है, हालांकि घटना के बाद इंदिरा कॉलोनी में देर रात तक तनाव और रोष का माहौल बना रहा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



