रेवाड़ी। हरियाणा के रेवाड़ी में सात सितंबर की शाम हुए चर्चित हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पांच दिन बाद भाजपा नेता उत्तम सिंह के 40 वर्षीय भतीजे जितेंद्र यादव की हत्या के मुख्य आरोपी ठेकेदार प्रवीण उर्फ पपला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के साथी अमन को भी पुलिस हिरासत में लिए जाने की सूचना है। सात सितंबर (सोमवार) की शाम भाड़ावास रोड स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम डिपो के पास आरोपी ने सिर पर वार कर जितेंद्र की हत्या कर दी थी।
5 दिन से फरार चल रहा था आरोपी, बार-बार बदल रहा था लोकेशन
वारदात के बाद से ही आरोपी प्रवीण ठेकेदार फरार चल रहा था। पुलिस की पकड़ से बचने के लिए वह लगातार अपने मोबाइल की लोकेशन बदल रहा था। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों और ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त था। सरपंच ने भी ग्रामीणों के इस गुस्से के संकेत दिए थे।
मर्डर के कारणों पर बना हुआ है सस्पेंस
हत्या के पांच दिन बीत जाने के बाद भी वारदात की मुख्य वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। जहां मृतक का परिवार पैसे के लेन-देन को मर्डर की वजह मान रहा है, वहीं स्थानीय स्तर पर मामले को एक महिला से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
पत्नी पर हमले और महिला से संबंधों के आरोप
मृतक के चाचा और भाजपा नेता उत्तम सिंह ने दावा किया है कि जितेंद्र की हत्या से पहले आरोपी प्रवीण ने अपनी पत्नी पर हमला कर उसका सिर फोड़ दिया था, जिससे उसे टांके आए थे। वारदात से दो दिन पहले ही प्रवीण मध्यप्रदेश के रतलाम में चल रही अपनी साइट से गांव लौटा था। उत्तम सिंह ने बिठवाना गांव में किराए पर रह रही एक महिला के साथ प्रवीण के संबंध होने के आरोप भी लगाए हैं। इस महिला के पति तीन साल पहले तक प्रवीण के पास ही रंग-पेंट का काम करते थे।
सीसीटीवी में कैद हुई थी सिर पर हमले की वारदात
सात सितंबर को कमालपुर के भाड़ावास रोड पर रिफाइनरी की दीवार के पास जब जितेंद्र बाथरूम कर रहा था, तब प्रवीण ने पीछे से उसके सिर पर हमला कर दिया था। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी। फुटेज के अनुसार आरोपी ने जितेंद्र के गिरने के बाद भी उस पर तीन बार वार किए, जबकि उसका साथी उसे पीछे खींचता दिखाई दे रहा है।
एएसपी करेंगी प्रेस वार्ता, एसएचओ बोले- डिस्टर्ब न करें
मामले में विस्तृत जानकारी देने के लिए दोपहर एक बजे एएसपी दीपिका अग्रवाल अपने कार्यालय में पत्रकार वार्ता करेंगी। वहीं, मॉडल टाउन थाने के एसएचओ मनोज कुमार ने कहा कि पुलिस अपना काम कर रही है और जो भी जानकारी होगी, वह प्रेस वार्ता में साझा कर दी जाएगी। उन्होंने मीडियाकर्मियों से बार-बार फोन कर डिस्टर्ब न करने की बात कही।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



