रोहित कश्यप, मुंगेली। जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र के बरेला के पास शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। ‘CMO’ लिखी कार ने कथित रूप से तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक चलते हुए बाइक सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला ने बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। तीसरे घायल की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में किरण बसूर (39 वर्ष) की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं अंजली बसूर (35 वर्ष) ने सिम्स अस्पताल में उपचार के दौरान अंतिम सांस ली, जबकि विकेश साहू (करीब 36 वर्ष) गंभीर रूप से घायल है और उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि तीनों मुंगेली के विनोबा नगर निवासी हैं और तखतपुर से मुंगेली लौट रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। बाद में उक्त कार तखतपुर नगर पालिका के पास क्षतिग्रस्त अवस्था में खड़ी है ऐसी ख़बर आई है। वहीं दुर्घटनास्थल पर कार की नंबर प्लेट बरामद हुई, जिस पर ‘CMO’ लिखा हुआ था। इसके बाद पूरे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई है।

CMO के कार में होने की चर्चा, आधिकारिक पुष्टि नहीं

घटना के बाद क्षेत्र में यह चर्चा भी तेजी से फैल रही है कि दुर्घटना के समय उक्त कार में तखतपुर नगर पालिका CMO एवं अन्य सवार थे, जो देर रात मुंगेली कांग्रेस जिला अध्यक्ष घनश्याम वर्मा के जन्मदिन समारोह से तखतपुर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान बरेला के पास यह हादसा हो गया। वहीं बाइक सवार तीनों लोग तखतपुर से मुंगेली की ओर वापस आ रहे थे।हालांकि, यह केवल स्थानीय स्तर पर चल रही चर्चा है। इसकी किसी भी स्तर पर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई हैl

पुलिस जांच में जुटी, चालक की तलाश जारी

घटना के बाद जरहागांव पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी शोभा यादव ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से विवेचना कर रही है। दुर्घटना कैसे हुई, कार कौन चला रहा था और उसमें कौन-कौन सवार थे, इन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल फरार चालक की तलाश जारी है। वहीं बरामद कार, नंबर प्लेट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस पूरे घटनाक्रम की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। मामले में कई तरह की चर्चाएं जरूर हैं, लेकिन वास्तविक स्थिति पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m