दीपक भारद्वाज,पलवल। वर्ष 2022 में गोकशी के लिए गोवंश से भरे कंटेनर को ले जाते समय पुलिस टीम पर फायरिंग कर फरार हुए आरोपी पर आखिरकार पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। एंटी नारकोटिक्स सेल पलवल ने मामले में वांछित आरोपी खुर्शीद उर्फ फौजी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नूंह जिले के फिरोजपुर नमक का रहने वाला है।
पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी निरीक्षक विश्व गौरव ने बताया कि मामला 18 जनवरी 2022 का है, जब गौरक्षक दल से सूचना मिली थी कि एक कंटेनर में गोवंश भरकर वध के लिए नूंह की ओर ले जाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने केएमपी टोल के पास नाकाबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने कंटेनर को मोड़कर भागने की कोशिश की। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। इसके बावजूद पुलिस ने कंटेनर का पीछा जारी रखा और होडल-मथुरा रोड पर पुलिस लाइन से करीब 200 मीटर आगे वाहन को रोक लिया। हालांकि घने कोहरे और अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
कंटेनर से मिले थे हथियार और 18 गोवंश
पुलिस जांच के दौरान कंटेनर से दो चले हुए कारतूस, एक जिंदा कारतूस, लोहे की एक छुरी और क्रूरता से भरे गए 18 गोवंशी बरामद किए गए थे। मामले में थाना सदर पलवल में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, हरियाणा गौवंश संरक्षण एवं गोसंवर्धन अधिनियम तथा पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया था।
पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं तीन आरोपी
पुलिस के अनुसार इस मामले में शामिल अन्य आरोपी अरबाज, मुस्तकीम और हनीफ उर्फ हन्नी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। जबकि खुर्शीद उर्फ फौजी लगातार पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।
जेल में बंद था आरोपी, प्रोडक्शन वारंट पर हुई गिरफ्तारी
निरीक्षक विश्व गौरव ने बताया कि खुर्शीद उर्फ फौजी फिलहाल थाना सदर पलवल के एक अन्य मामले में जेल में बंद था। जांच के दौरान उसकी संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने अदालत से प्रोडक्शन वारंट हासिल कर 4 जून को उसे इस मामले में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जा रही है।पुलिस का कहना है कि गोतस्करी और संगठित अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा तथा पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।

